इंटरनेट डेस्क: आईपीए11 के 21वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस का दिलचस्प मुकाबला हुआ। इस मैच में राजस्थान ने मुंबई की टीम को तीन विकेट से हरा दिया। राजस्थान रॉयल्स की इस जीत के हीरो रहे ऑलराउडर खिलाड़ी कृष्णप्पा गौतम। कृष्णप्पा गौतम ने 11 गेंद में 33 रनों की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को इस टूर्नामेंट की तीसरी जीत दिला दी। राजस्थान को जीत दिलाने वाले कृष्णप्पा गौतम पिछले साल एक विवाद में फंस गए थे।
2017 में दिलीप ट्रॉफी के लिए गौतम का चयन हुआ था, लेकिन उन्होंने बीमारी का हवाला देते हुए दिलीप ट्रॉफी से छुट्टी ले ली थी। लेकिन थोड़े दिनों के बाद कृष्णप्पा गौतम कर्नाटका प्रीमियर लीग में खेलते हुए नज़र आए। गौतम के केपीएल में खेलने के बाद बीसीसीआइ ने गौतम पर एक्शन लेते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजा था और उनका नाम न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेलने वाली भारतीय ए टीम से भी हटा दिया था। इस के थोड़े दिन बाद कृष्णप्पा गौतम ने बीसीसीआइ से बिना किसी शर्त के माफी मांग ली थी।
इसी साल जनवरी में हुई आईपीएल नीलामी के दूसरे दिन बेंगलुरु के इस 29 वर्षीय ऑफ स्पिनर को राजस्थान रॉयल्स ने 6.20 करोड़ रुपए में खरीदा. गौतम अपनी बेस प्राइज़ से 31 गुना ज़्यादा कीमत पर खरीदे गए।