नई दिल्ली
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में रविवार को खेले गए आईपीएल-11 के 55वें मुकाबले में दिल्ली डेयडेविल्स ने मुंबई इंडियंस को 11 रनों से हरा दिया। प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी दिल्ली ने आखिरी लीग मैच जीतकर मुंबई को भी प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवरों में 174 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस 163 रनों पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली की तरफ से अमित मिश्रा, हर्षल पटेल और संदीप लमिछाने ने 3-3 विकेट हासिल किए।
मुंबई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 18 रनों की जरूरत थी। हर्षल पटेल की पहली ही गेंद पर कटिंग ने छक्का जड़ा लेकिन अगली ही गेंद पर उनके आउट होने के साथ ही मुंबई की रही-सही उम्मीदें भी खत्म हो गई। पटेल ने अगली गेंद पर बुमराह को आउट कर मुंबई इंडियंस को 163 रनों पर समेट दिया और इस तरह इस आईपीएल में मुंबई का भी सफर थम गया।
पहले ही ओवर में मुंबई को लगा झटका
मुंबई इंडियंस को पहले ही ओवर में झटका लगा, जब सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर लमिछाने के शिकार हो गए। विजय शंकर ने उनका कैच पकड़ा। यादव ने 4 गेंदों का सामना किया, जिसमें 1 चौका और 1 छक्का जड़ा। यादव के आउट होने के बाद लेविस और ईशान किशन के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी हुई। किशन को 5 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर अमित मिश्रा ने शंकर के हाथों कैच कराया। विजय शंकर ने उनका बाउंडरी पर शानदार कैच लपका।
मुंबई की तरफ से लुइस ने बनाए सबसे ज्यादा रन
इविन लुइस के रूप में मुंबई का तीसरा विकेट गिरा। 9वें ओवर की आखिरी गेंद में लुईस अमित मिश्रा की गेंद को आगे बढ़कर खेलने के चक्कर में स्टंप्ड आउट हो गए। उन्होंने 31 गेंदों का सामना कर 48 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। लुईस के आउट होते ही मुंबई की पारी लड़खड़ा गई। अगले ही ओवर में संदीप लमिछाने ने पहले कायरन पोलार्ड (7) और उसके बाद क्रुणाल पंड्या को पविलियन का रास्ता दिखाया।
नहीं चला कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला
मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा कुछ खास नहीं कर सके। वह 10 रन बनाकर हर्षल पटेल की गेंद पर ठीक उसी अंदाज में कैच हुए, जिस तरह कायरन पोलार्ड आउट हुए थे। शर्मा और पोलार्ड दोनों के ही एरियल शॉट को मैक्सवेल ने बाउंडरी पर पकड़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने की वजह से वापस मैदान की तरफ उछाला दिया। दोनों ही बार बोल्ट ने कैच कंपलीट करने में कोई गलती नहीं की।
रोहित शर्मा के आउट होने के बाद अगले ही ओवर में हार्दिक पंड्या भी आउट हो गए। अमित मिश्रा की गेंद पर राहुल तेवतिया ने उनका कैच लपका। हार्दिक ने 17 गेंदों में 27 रन बनाए। उन्होंने 2 चौके और एक छक्का भी जड़ा।