Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

 राजस्थान ने बैंगलोर को जीत के लिए 165 रनों का लक्ष्य दिया

जयपुर 
मौजूदा आईपीएल सीजन के 53वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए हैं। राजस्थान की तरफ से ओपनर राहुल त्रिपाठी ने 80 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं आरसीबी की तरफ से उमेश यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। दोनों ही टीमों का लीग राउंड में यह आखिरी मुकाबला है और इसमें जो भी टीम हारी वह प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। 

राजस्थान को दूसरे ही ओवर में महज 2 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। जे.सी. आर्चर उमेश यादव की गेंद पर विकेट के पीछे कैच हुए। वह खाता तक नहीं खोल पाए। इसके बाद राहुल त्रिपाठी ने रहाणे का साथ मिलकर राजस्थान की पारी को आगे बढ़ाया। त्रिपाठी ने 38 गेंदों में अपना अर्शतक पूरा किया। रहाणे और त्रिपाठी के बीच दूसरे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई। रहाणे को उमेश यादव ने एलबीडब्लू आउट किया। उन्होंने 31 गेंदों में 33 रन बनाए। अगली ही गेंद पर संजू सैमसन भी बिना खाता खोले आउट हो गए। यादव की गेंद पर अली ने उनका कैच पकड़ा। 

एच. क्लासेन ने 21 गेंदों में 32 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और एक छक्का शामिल था। उन्हें मोहम्मद सिराज ने आउट किया। 20वें ओवर की आखिरी गेंद में गौतम रन आउट हुए। उन्होंने 5 गेंदों में 14 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के शामिल थे। 

राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इस सीजन में मजबूत शुरुआत की और एक समय वह आसानी से प्लेऑफ में पहुंचती दिख रही थी, लेकिन अब उसकी हालत भी आज बैंगलोर की तरह हो गई है। मुकाबला भी इन्हीं दोनों टीमों के बीच है जो लीग राउंड में उनका आखिरी मुकाबला भी है। इसमें जो टीम हारेगी, उसका सफर खत्म हो जाएगा। 

जीत से नहीं होगी राह आसान 
सिर्फ जीत हालांकि इनकी राह साफ नहीं करेगी, बल्कि अंतिम-4 में जगह बनाने के लिए उन्हें दूसरी टीमों के मैचों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा। बैंगलोर ने अपने पिछले मैच में मजबूत टीम सनराइजर्स हैदराबाद को मात दी थी और अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा था। 

बैंगलोर, राजस्थान के अलावा किंग्स इलेवन पंजाब के भी 12-12 अंक हैं, लेकिन बेहतर रन रेट के मामले में विराट की टीम दूसरी टीमों से आगे है और 5वें स्थान पर काबिज है। वहीं राजस्थान को अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वह नेट रन रेट के मामले में पीछे है और इस मैच में उसे बड़े अंतर से जीत की दरकार होगी।