खेल डेस्क। आईपीएल सीजन 11 का 44वां मैच शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में केकेआर के सुनिल नारायण की 36 गेंदों में 75 रनों की शानदार पारी की बदौलत उन्होंने 245 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस मैच में किंग्स इलेवन पंजाब ने टॉस जीतकर केकेआर को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की ओर से क्रिस लिन और सुनिल नारायण ने आते ही अपने इरादे जता दिए और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 53 रन जोड़ डाले। इसके बाद क्रिस लिन 17 गेंदों पर 27 रन बनाकर एंड्रयू टाई का शिकार बने।
इसके बाद मैदान पर आए रोबिन उथप्पा ने सुनिल नारायण का साथ दिया और दूसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी की। इस दौरान सुनिल नारायण एंड्रयू टाई की गेंद पर राहुल को कैच थमा बैठे। सुनिल नारायण ने मात्र 36 गेंदों में 75 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। नारायण ने 75 रनों की पारी के दौरान 9 चौके और चार छक्के जड़े।
सुनिल नारायण के जाने के बाद राबिन उथप्पा भी चलते बने उन्होंने 17 गेंदों में 24 रन बनाएं। आंद्रे रसेल ने उथप्पा के जाने के बाद मैदान केकेआर के कप्तान दिनेश कार्तिक के साथ रनों की रफ्तार को बढ़ाया। उधर अपनी शानदार फॉर्म को दर्शाते हुए दिनेश कार्तिक ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू की और मुजीब उर रहमान के 16वें ओवर में ताबड़तोड़ 21 रन ठोक दिए। कप्तान दिनेश कार्तिक ने महज 23 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली। अपनी अद्र्धशतकीय पारी के दौरान कार्तिक ने पांच चौके और तीन छक्के लगाए।
वहीं किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से एंड्रयू टाई सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवरों में 4 विकेट लिए। जबकि बरिंदर सरन ने कप्तान दिनेश कार्तिका का विकेट अपने नाम किया। इनके अलावा किसी भी गेंदबाज को एक भी विकेट नहीं मिला।