Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शारापोवा को हराकर इटालियन ओपन के फाइनल में हालेप

रोम
विश्व की नंबर एक रोमानिया की सिमोना हालेप ने रूस की मारिया शारापोवा को 4-6 6-1 6-4 से कड़े संघर्ष में पराजित कर इटालियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया है जहां खिताब के लिए उनकी भिड़ंत एलीना स्वीतोलीना से होगी। हालेप की पूर्व नंबर एक शारापोवा के खिलाफ शुरूआत खराब रहीं और वह लगातार गलतियों के चलते 4-6 से सेट गंवा बैठीं। हालांकि रोमानियाई खिलाड़ी ने बाकी दोनों सेट जीतते हुए फिर ढाई घंटे में महिला एकल सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बना ली। 

इससे पहले गत चैंपियन स्वीतोलीना ने एनेट कोंटाविट को 6-4, 6-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। 23 साल की यूक्रेन की खिलाड़ी ने जीत के बाद कहा, ''मुझे खुद पर गर्व है कि मैं फाइनल में पहुंची हूं। आप जानते हैं कि यह पहले ही मैच से काफी मुश्किल था। मैंने इसके लिए काफी मेहनत की थी।'' महिला एकल के दूसरे अहम सेमीफाइनल मैच में शारापोवा और हालेप के बीच मैच काफी रोमांचक रहा और रूसी खिलाड़ी ने ओपनिंग सेट में 4-3 की बढ़त बना ली। छह सर्विस ब्रेक के बाद दोनों खिलाड़ियों को दो और ब्रेक के मौके मिले जिसमें शारापोवा ने फायदा उठाते हुए हालेप की सर्विस ब्रेक कर पहला सेट जीत लिया।  

हालांकि रोमानियाई खिलाड़ी ने कोर्ट के बाहर बैठे अपने कोच डैरेन काहिल की सलाह मानते हुए दूसरे सेट में वापसी की। उन्होंने शुरूआती दोनों मैच प्वांइट भुनाए जबकि शारापोवा का फोरहैंड नेट में फंस गया। वहीं तीसरे सेट में 31 वर्षीय पूर्व नंबर ने वापसी के लिए संघर्ष किया लेकिन हालेप ने सेट और मैच अपने नाम कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।