नई दिल्ली
दिल्ली डेयरडेविल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल सीजन 11 का 55वां मुकाबला आज शाम 4 बजे से दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच मुंबई के लिए प्लेऑफ का रास्ता है. जीत उसके आईपीएल के अंतिम-4 के दरवाजे खोल देगी तो वहीं हार उसे मायूस कर देगी. वहीं दिल्ली के लिए खोने को कुछ भी नहीं है, लेकिन वो अपने अंतिम मैच में जीत हासिल करते हुए लीग का अंत सम्मान के साथ करने की कोशिश करेगी.
यह मुकाबला रविवार (20 मई 2018) को खेला जाएगा. यह टूर्नामेंट का 55वां मैच होगा. दिल्ली डेयरडेविल्स और मुंबई इंडियंस के बीच यह मैच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मुकाबला शाम 4 बजे शुरू होगा. इससे पहले टॉस दोपहर 3.30 बजे होगा.
दिल्ली डेयरडेविल्स vs मुंबई इंडियंस मैच की लाइव अंग्रेजी कमेंट्री स्टार स्पोर्ट्स 1, स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी, स्टार स्पोर्ट्स सिलेक्ट 1 और स्टार स्पोर्ट्स सिलेक्ट 1 एचडी पर उपलब्ध होगी. साथ ही यह स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी और स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी एचडी पर भी प्रसारित होगी. दिल्ली डेयरडेविल्स vs मुंबई इंडियंस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग हॉटस्टार और जियो टीवी पर उपलब्ध होगी.
मुंबई इंडियंस
मुंबई ने लीग की शुरुआत बेहद खराब तरीके से की थी लेकिन लीग के दूसरे हाफ में उसने शानदार वापसी करते हुए अपने खिताब बचाने की उम्मीदों को जिंदा कर दिया.
अपने पिछले मैच में मुंबई ने पंजाब को रोमांचक मुकाबले में तीन रन से मात दी थी. इस मैच में कीरोन पोलार्ड ने अर्धशतक जमाया था, जिससे मुंबई को राहत मिली थी.
पोलार्ड पूरे सीजन आउट ऑफ फॉर्म रहे थे, लेकिन पिछले मैच में किए गए बल्ले के कमाल ने मुंबई के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. मुंबई की बल्लेबाज सलामी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और उनके जोड़ीदार इविन लुइस के जिम्मे हैं. दोनों ने टीम को हमेशा ही मजबूत शुरुआत दी है.
टीम का मध्यक्रम निरंतरता रखने में विफल रहा है. यहां रोहित ने मोर्चा संभाले रखा है लेकिन हार्दिक पंड्या, उनके भाई क्रूणाल और पोलार्ड ने शुरू में निराश किया था. अब रोहित को उम्मीद होगी की यह तीनों अपनी जिम्मेदारियों को समझेंगे.
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और मिशेल मैक्लेंघन को इस मैच में आगे आना होगा. वहीं हार्दिक और पोलार्ड की भी कोशिश इस अहम मैच में अपनी टीम के लिए बड़ा योगदान देने की होगी.
दिल्ली डेयरडेविल्स
दिल्ली की बात की जाए तो उसके लिए यह मैच सम्मान की लड़ाई के सिवाए कुछ नहीं है. यह उसका आखिरी मैच है इस लिहाज से वह जीत के साथ लीग का अंत करने के इरादे से उतरेगी.
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली दिल्ली ने अपने पिछले मैच में अपने घर में ही चेन्नई सुपर किंग्स को मात दी थी. अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रहने वाली इस टीम की बल्लेबाजी युवा खिलाड़ी ऋषभ पंत के जिम्मे है. जिन्होंने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है.
पंत के अलावा दिल्ली के लिए पृथ्वी शॉ और कप्तान अय्यर का ही बल्ला चला बाकी सब खामोश रहे हैं. इस मैच में भी इन तीनों से रनों की उम्मीद होगी. पिछले मैच में हालांकि हर्षल पटेल ने अपनी छोटी सी पारी से प्रभावित किया था. उनसे भी आखिरी मैच में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ गई हैं.
गेंदबाजी में टीम ट्रेंट बोल्ट के कंधों पर निर्भर है. पिछले मैच में लेग स्पिनर अमित मिश्रा और नेपाल के स्पिनर संदीप लामिछाने ने अच्छी गेंदबाजी की थी. पूरी उम्मीद है कि अय्यर आखिरी मैच में एक बार फिर दोनों को अंतिम एकादश में शामिल करेंगे.
टीमें:
दिल्ली डेयरडेविल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), जेसन रॉय, गौतम गंभीर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, विजय शंकर, डेनियल क्रिश्चियन, राहुल तेवतिया, शाहबाज नदीम, मोहम्मद शमी, ट्रेंट बोल्ट, कॉलिन मुनरो, अमित मिश्रा, पृथ्वी शॉ, हर्ष पटेल, आवेश खान, जयंत यादव, गुरकीरत सिंह मान, मनजोत कालरा, अभिषेक शर्मा, संदीप लामिछाने, नमन ओझा, सायन घोष और लियाम प्लंकेट.
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, इविन लुइस, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, कीरोन पोलार्ड, मयंक मार्कंडेय, मिशेल मैक्लेंघन, मुस्ताफिजुर रहमान, जसप्रीत बुमराह, अकिला धनंजय, बेन कटिंग, जेपी डुमिनी, राहुल चाहर, शरद लांबा, एडम मिल्ने, सिद्धेश लाड, मोहम्मद निधीश, मोहसीन खान, अनुकूल रॉय, प्रदीप सांगवान, तजिंदर सिंह, आदित्य तरे और सौरभ तिवारी.