स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल में हर साल पॉइंट्स टेबल की चार टीमें प्लेऑफ में जाती है। प्लेऑफ में दो टॉप टीमें क्वॉलिफायर 1 में खेलती है जबकि तीसरे और चौथे स्थान की टीम एलिमिनेटर मुकाबला खेलती है। क्वॉलिफायर 1 जीतने वाली टीम फाइनल में जाती है जबकि हारने वाली टीम को एलिमिनेटर में जीती हुई टीम के साथ एक और मैच खेलने का मौका मिलता है और इस मैच जीतने वाली टीम क्वॉलिफायर 1 जीतने वाली टीम के सामने फाइनल में खेलती है। आइये जानते है आईपीएल की कौनसी टीम सबसे ज्यादा बार प्लेऑफ में पहुंची है।
चेन्नई सुपरकिंग्स - चेन्नई सुपरकिंग्स आईएपीएल की एकमात्र टीम है जो कि खेले गए हर सीजन में प्लेऑफ में पहुंची है। 2 साल के बैन के अलावा चेन्नई ने आईपीएल के 9 सीजन खेले है और हर बार प्लेऑफ में जगह बनाई है। इस दौरान चेन्नई ने 2010 और 2011 में दो बार ख़िताब अपने नाम किया जबकि चार बार (2008, 2012, 2013, 2015) टूर्नामेंट की उपविजेता रही है।
मुंबई इंडियंस - मुंबई इंडियंस टीम आईपीएल की सबसे टीम है जो कि ख़िताब तीन बार (2013, 2015, 2017) जीत चुकी है। अगर प्लेऑफ की बात करें तो मुंबई की टीम 7 बार (2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2015, 2017) प्लेऑफ में जगह बना चुकी है।
सनराइज़र्स हैदराबाद - 2012 में डेक्कन चार्जेर्स के टर्मिनेट होने के बाद सनराइज़र्स हैदराबाद ने आईपीएल में अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद से टीम अब तक खेले गए 6 सीजन में से 4 बार प्लेऑफ में अपनी जगह बना चुकी है। सनराइज़र्स की टीम 2016 में ख़िताब जीत चुकी है जबकि 2013 और 2017 में टीम चौथे स्थान पर रही थी।
कोलकाता नाइट राइडर्स - कोलकाता की टीम ने अब तक खेले गए 11 सीजन में से 6 बार प्लेऑफ में अपनी जगह बनाई है और 2 बार (2012, 2014) में गौतम गंभीर की कप्तानी में ख़िताब जीतने में भी सफल रही है। कोलकाता की टीम पिछले तीन सीजन से लगातार प्लेऑफ में जगह बना रही है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर - बैंगलोर की टीम 11 सीजन में से 5 बार प्लेऑफ में जगह बना चुकी है लेकिन अभी तक एक बार भी ख़िताब जीतने में सफल नहीं रही है। 5 बार प्लेऑफ में से टीम 3 बार फाइनल में भी पहुंची है जहाँ उसे डेक्कन चार्जर्स, चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइज़र्स हैदराबाद के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
राजस्थान रॉयल्स - चेन्नई की तरह ही राजस्थान को भी आईपीएल में 2 साल तक बैन का सामना करना पड़ा था। हालाँकि टीम ने इस साल वापसी करते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह बनाई है। राजस्थान की टीम ने 2008 में आईपीएल का पहला सीजन जीता था।
दिल्ली डेयरडेविल्स - दिल्ली डेयरडेविल्स को आईपीएल इतिहास की सबसे कमजोर टीम माना जाता है। अब तक खेले 11 सीजन में से टीम सिर्फ 3 बार प्लेऑफ में जगह बना सकी है जबकि ख़िताब एक बार भी नहीं जीता है। इस साल भी टीम अंकतालिका में सबसे अंतिम स्थान पर थी।
किंग्स इलेवन पंजाब - पंजाब की टीम आईपीएल की शुरुआत से ही इसका हिस्सा है लेकिन अभी तक केवल 2 बार ही प्लेऑफ में अपनी जगह बना सकी है। टीम 2014 में उपविजेता और 2008 में तीसरे स्थान पर रही थी। इस साल भी टीम ने पहले 6 मैचों में से 5 मैच जीतकर अच्छी शुरुआत की थी लेकिन अगले 8 मैचों में सिर्फ 1 मैच ही जीत सकी।
Herald