Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में भारत फिर हारा, आॅस्ट्रेलिया का 15वीं बार ट्रॉफी पर कब्जा

लाइव सिटीज, खेल डेस्क : नीदरलैंड में चले रहे हॉकी चैंपियन्स ट्रॉफी में भारत को बड़ा झटका लगा है. रविवार को खेले गये खिताबी भिड़ंत में आॅस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया. आॅस्ट्रेलिया ने भारत को 3-1 से हराकर ट्रॉफी पर लगातार दूसरी बार कब्जा जमाया. इतना ही नहीं, आॅस्ट्रेलिया ने ट्रॉफी पर 15वीं बार कब्जा जमाया है. गौरतलब है कि इस ट्रॉफी की शुरुआत 1978 में हुई थी.

फाइनल मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूट आउट में हुआ. फुल टाइम तक दोनों टीमों का स्कोर 1-1 से बराबर था, लेकिन पेनल्टी शूट आउट में भारत की किस्मत दगा दे गयी. ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से यह खिताब अपने नाम कर लिया. भारतीय टीम लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची थी, लेकिन इस बार भी उसे निराशा हाथ लगी. यह 37वां टूर्नामेंट था. लेकिन, भारत एक बार भी चैंपियन नहीं बन सका है. आज के मैच के बाद भारत इस ट्रॉफी में दो बार उपविजेता बना. वहीं 1982 में तीसरे स्थान पर रहा था. इसी तरह 7 बार भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही.

मेन मैच में 1-1 की बराबरी पर रहने पर पेनल्टी शूट आउट में दोनों टीमों के लिए 5-5 मौके तय किये गये. पहला मौका ऑस्ट्रेलिया को मिला. इसमें ऑस्ट्रेलिया के एरन जालेवस्की ने भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश को चकमा देते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया. वहीं दूसरे मौके पर सरदार सिंह ऑस्ट्रेलियाा के गोलकीपर टेलर लवल के किले को भेद नहीं सके और भारत 0-1 से पीछे हो गया. तीसरे मौके पर ऑस्ट्रेलिया के डेनियल बीएले ने अपनी टीम के लिए एक और गोल किया. ऑस्ट्रेलिया 2-0 से आगे हो गया. इसी तरह चौथे मौके पर हरमनप्रीत सिंह ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाने की काफी कोशिश की, लेकिन टेलर लवल फिर दीवार बन गए. इस तरह भारत 0-2 से पीछे रहा.

पांचवें मौके पर पीआर श्रीजेश ने ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू स्वान की कोशिश को नाकाम कर दिया, लेकिन उनकी टीम अब भी मुकाबले में 0-2 से पीछे थी. छठे मौके पर मनप्रीत सिंह ने टेलर लवल को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया, हालांकि अब भी वह 1-2 से पीछा था, लेकिन उसके पास बराबरी का मौका था. सातवें मौके पर श्रीजेश ऑस्ट्रेलिया के जेरेमी एडवर्ड्स के प्रयास को नाकाम नहीं कर पाए. नतीजा ऑस्ट्रेलिया 3-1 से आगे होने के साथ ही टूर्नामेंट का चैंपियन भी बन गया.

The post हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में भारत फिर हारा, आॅस्ट्रेलिया का 15वीं बार ट्रॉफी पर कब्जा appeared first on Live Cities.