खेल डेस्क। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमां के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ रविवार को समाप्त हुई पांचवें वनडे मैचों की सीरीज यादगार रही। इस सीरीज के दौरान उन्होंने कई विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए।
रविवार को बुलावायो में खेले गए अन्तिम वनडे में भी उन्होंने विश्व के कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते हुए एक और विश्व रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवाया लिया है। फखर जमां ने अन्तिम मुकाबले में 85 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने एक दिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज एक हजार रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया।
फखर जमां ने अपनी 18वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल कर वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ा। विवियन रिचर्ड्स ने वनडे क्रिकेट की 21वीं पारी में एक हजार रन पूरे किए थे। वहीं भारतीय कप्तान विराट कोहली ने एक हजार रन बनाने के लिए 24 पारियां खेली थी। 28 वर्षीय जमां ने रविवार को 83 गेंदों की पारी में दस चौके और एक छक्का लगाया।
जिम्बाब्वे के खिलाफ इस सीरीज में जमां का बल्ला जमकर चला है। इस सीरीज के दौरान उन्होंने क्रमश: 60, नाबाद 117, नाबाद 43, नाबाद 210* और 85 रन की पारी खेली थी। एक दिवसीय क्रिकेट में अब उनके कुल 1065 रन हो गए हैं।
इससे पहले चौथे मैच में फखर जमां 210 रन की पारी खेली पाकिस्तान की ओर से दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। इससे पहले उनकी टीम की ओर से सईद अनवर ने भारत के खिलाफ 194 रन की सबसे बड़ी पारी खेली थी।
इसी मैच के दौरान सलामी बल्लेबाज फखर जमां ने इमाम उल हक (113) के साथ पहले विकेट के लिए 304 रन की साझेदारी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। पाकिस्तान के इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने इस साझेदारी की बदौलत वनडे क्रिकेट का 12 साल पुराना श्रीलंका के सनथ जयसूर्या और उपुल थरंगा की जोड़ी का विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। इस जोड़ी ने जुलाई 2006 में लीड्स में पहले विकेट के लिए 286 की साझेदारी की थी।