खेल डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच सीमित ओवरों की शृंखलाएं समाप्त हो गई है। हाल में खेली गई टी-20 सीरीज में भारत ने मेजबान टीम को 2-1 के अंतर से शिकस्त दी। जबकि एकदिवसीय शृंखला में इंग्लैंड ने भारतीय टीम को इसी अंतर से हराकर बदला लिया।
अब दोनों ही देशों के बीच क्रिकेट की असली जंग एक अगस्त से शुरू होगी। पांच मैचों की टेस्ट मैचों की यह सीरीज जिस टीम के नाम होगी वहीं बादशाह कहलाएगी।दोनों ही टीमों के हाल ही में समाप्त हुई सीमित ओवरों की शृंखलाओं के प्रदर्शन को देखा जाए तो विश्व नम्बर वन भारत और पांचवें स्थान पर काबिज इंग्लैंड के बीच टेस्ट शृंखला में रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
जब दोनों देशों के बीच पांच मैचों की बड़ी सीरीज शुरू होने वाली है तो भारत के उन बल्लेबाजों का जिक्र होना स्वभाविक हैं जिन्होंने अब तक इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन और शतक बनाए हो।
आइए, आज हम आपको इंग्लैंड के खिलाफ सबसे सफल रहे भारतीय बल्लेबाजों के बारे में बताते हैं जिन्होंने मेजबान टीम के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। हालांकि हम जिन दस बल्लेबाजों की बात करने जा रहे हैं उनमें से एक भी अभी भारतीय टीम में शामिल नहीं हैं।
सचिन तेंदुलकर:
पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से इंग्लैंड के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाए हैं। सचिन ने इंग्लैंड के खिलाफ 32 टेस्ट मैचों 2535 रन बनाए है।
सचिन और राहुल द्रविड़ के नाम इंग्लैंड के खिलाफ भारत की ओर से सर्वाधिक शतक बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। सचिन ने इस देश के खिलाफ सात शतक और 13 अर्धशतक लगाए हैं।
सुनील गावस्कर:
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर इस सूची में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने टीम इंडिया की ओर से इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 38 टेस्ट मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 2483 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ गावस्कर ने 4 शतक और 16 अर्धशतक बनाए हैं।
राहुल द्रविड़:
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज की बात की जाएं तो वो हैं पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़। द वॉल के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुके द्रविड़ ने इंग्लैंड के विरूद्ध 21 टेस्ट मैचों 1950 रन बनाए हैं। भारत के टेस्ट बल्लेबाज द्रविड़ ने इस टीम के खिलाफ सात शतक और आठ अर्धशतक लगाए हैं।
गुंडप्पा विश्वनाथ:
इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले तीसरे बल्लेबाज गुंडप्पा विश्वनाथ रहे। जिन्होंने इस टीम के खिलाफ 30 टेस्ट में खेले हैं। इंग्लैंड के खिलाफ गुंडप्पा विश्वनाथ ने 4 शतक और 12 अर्धशतक के साथ 1880 रन बनाए हैं।
दिलीप वेंगसरकर:
भारत के एक अन्य पूर्व दिग्गज खिलाड़ी दिलीप वेंगसरकर ने इंग्लैंड के विरुद्ध 26 टेस्ट मैचों में 1589 रन बनाए हैं। राष्ट्रीय चयनकर्ता रह चुके दिलीप वेंगसकर ने इंग्लैंड के सामने पांच शतक और छह अर्धशतक जड़े हैं।
इनके अलावा इंग्लैंड के खिलाफ कपिल देव ने 27 मैचों में 1355, मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 15 टेस्टों में 1278, वियज मांजरेकर ने 17 टेस्टों में 1181 रन, महेन्द्र सिंह धोनी ने 21 मैचों में 1157 और फारुख इंजीनियर ने 18 मैचों में 1113 रन बनाए हैं।