दिसपुर: भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन करने वाली 18 वर्षीय स्टार एथलीट हिमा दास को असम का खेल राजदूत बनाया जाएगा। असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने स्टार एथलीट हिमा दास के माता-पिता से मुलाकात की और कहा कि हिमा ने ने पूरे देश का गौरव बढ़ाया है, उसे राज्य का राजदूत नियुक्त किया जाएगा। गौरतलब है कि हिमा ने फिनलैंड के टेम्पेयर में आईएएएफ विश्व अंडर- 20 चैंपियनशिप में 400 मीटर की दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा है।
दरअसल, असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल हिमा दास के इस उप्लब्धि पर उनके पैतृक गांव पहुंचे। नगांव जिले के धींग क्षेत्र के नंबर तीन कांदुलिमारी गांव में सीएम ने हिमा के माता-पिता से मिलकर उन्हें शुभकामना दी। इस दौरान सीएम ने कहा कि हिमा के अपने गृह राज्य में वापसी करने पर प्रदेश स्तर का एक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें इस स्टार एथलीट को सम्मानित किया जाएगा।
सोनोवाल ने हिमा के पिता रंजीत और माता जुनाली दास से मुलाकात करते हुए कहा कि उसने असम समेत पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हिमा कि सफलता ने वैश्विक स्तर पर राज्य के लोगों का दर्जा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हिमा की उपलब्धि से भारतीयों को प्रेरणा मिलेगी और उसके द्वारा जीते स्वर्ण पदक से साबित होता है कि कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और ईमानदार ही सफलता क आधार हैं। इससे पहले सरकार ने हिमा को 50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की थी, सीएम ने कहा कि वो भी उन्हे जल्द ही मुहैया करा दी जाएगी।
The post CM सोनोवल का ऐलान, हिमा दास होंगी असम की पहली खेल राजदूत appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.
