Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शूटर राही सरनोबत ने लगाया गोल्ड पर निशाना, भारत के हुए 11 मेडल

जकार्ता 
एशियन गेम्स में भारतीय शूटरों का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिला शूटर राही सरनोबत ने बुधवार को 25 मीटर पिस्टल इवेंट में भारत को गोल्ड मेडल जिताया। इसके साथ ही एशियाई खेलों में भारत की मेडल संख्या 11 हो गई है। उन्होंने थाइलैंड की यांगपाइबून नफसवण को हराकर यह गोल्ड जीता है। 

राही और थाइलैंड की नपासवान यांगपैबून दोनों का स्कोर समान 34 होने पर शूट ऑफ का सहारा लिया गया। पहले शूट ऑफ में राही और यांगपैबून ने पांच में से चार शाट लगाए। इसके बाद दूसरा शूट ऑफ हुआ जिसमें भारतीय निशानेबाज जीत दर्ज करने में सफल रहीं। 

युवा मनु भाकर को हालांकि फाइनल में निराशा झेलनी पड़ी। उन्होंने क्वॉलिफिकेशन में 593 के रेकार्ड स्कोर के साथ फाइनल में जगह बनाई थी। लेकिन यह 16 वर्षीय निशानेबाज आखिर में छठे स्थान पर रही। 

भारत ने अब तक 4 गोल्ड, 3 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। बता दें कि भारत को दो गोल्ड मेडल शूटिंग और दो कुश्ती में मिले हैं। भारत फिलहाल पदक तालिका में 7वें नंबर पर चल रहा है। 

किस किस ने जितवाया गोल्ड
भारत को पहला गोल्ड रेसलर बजरंग पूनिया ने जीता था। इसके बाद रेसलर विनेश फोगाट ने इतिहास रचते हुए 50 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में गोल्ड मेडल जीता। इस उपलब्धि के साथ वह पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई थीं, जिन्होंने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया हो। विनेश ने जापान की इरी युकी को 6-2 से हराकर गोल्ड जीता था। इसके बाद मंगलवार को सौरभ चौधरी ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता है। सौरभ सिर्फ 16 साल हैं।