बर्मिंघम।
ईशांत शर्मा की उम्दा गेंदबाजी की मदद से भारत ने शुक्रवार को पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड की दूसरी पारी को 180 रनों पर समेट दिया। इसी के साथ भारत को जीत के लिए 194 रनों का लक्ष्य मिला।
इंग्लैंड ने तीसरे दिन सुबह दूसरी पारी में 9/1 से आगे खेलना शुरू किया। अश्विन ने मेहमान टीम को दिन की पहली सफलता दिलाई जब उन्होंने जैनिंग्स (8) को दूसरी स्लिप में केएल राहुल के हाथों झिलवाया। अश्विन ने रूट (14) को लेग स्लिप में राहुल के हाथों झिलवाया। रूट ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी की थी, लेकिन वे दूसरी पारी में प्रदर्शन को दोहरा नहीं सके और मेजबान टीम को उनके आउट होने से करारा झटका लगा। ईशांत ने डेविड मलान (20) को स्लिप में रहाणे के हाथों झिलवाया। इसके बाद ईशांत ने जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स को लगातार दो गेंदों पर आउट कर मेजबान टीम को मुश्किल में डाल दिया। बेयरस्टो 28 रन बनाकर धवन को कैच दे बैठे जबकि बेन स्टोक्स 6 रन बनाकर कोहली द्वारा स्लिप में लपके गए। ईशांत ने लंच के बाद इसी ओवर की अंतिम गेंद पर जोस बटलर को पैवेलियन लौटाया। ईशांत का यह इस पारी में चौथा विकेट है। इस बीच खराब रोशनी के कारण करीब 17 मिनट तक खेल रोका गया।
इसके पूर्व दूसरे दिन इंग्लैंड की दूसरी पारी में रविचंद्रन अश्विन ने एलिस्टेयर कुक को आउट कर मेजबान टीम को पहला झटका दिया था। अश्विन ने इस मैच की दोनों पारियों में कुक को पैवेलियन लौटाया। इंग्लैंड की पहली पारी में कप्तान जो रूट और जॉनी बेयरस्टो को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाया था। रूट 80 रन बनाकर रन आउट हुए थे जबकि बेयरस्टो 70 रन बनाकर पैवेलियन लौटे थे।
भारत चाहेगा कि इंग्लैंड की दूसरी पारी को जल्दी समेटा जाए ताकि चौथी पारी में उसके सामने ज्यादा लक्ष्य नहीं रहे। इस पिच पर 300 से कम का लक्ष्य हासिल करना आसान रहेगा, यदि इंग्लैंड ने 350 से ज्यादा की बढ़त हासिल कर ली तो भारत के लिए इस लक्ष्य को हासिल करना पाना मुश्किल हो जाएगा।