बर्मिंघम
भारत ने आज यहां पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड को पहली पारी में 287 रन पर समेट दिया। मोहम्मद शमी ने सैम कुरान के रूप में अंतिम विकेट अपने नाम किया जिससे इंग्लैंड की पहली पारी खत्म हुई। उन्होंने 64 रन देकर तीन विकेट हासिल किये।भारत के लिये आर अश्विन ने चार विकेट झटके जबकि उमेश यादव और इशांत शर्मा ने एक एक विकेट प्राप्त किया। इंग्लैंड ने नौ विकेट पर 285 रन से आगे खेलते हुए आज दो रन जोड़े।
इंग्लैंड की टीम एक समय तीन विकेट पर 216 रन बनाकर बहुत अच्छी स्थिति में थी लेकिन अश्विन (60 रन पर चार विकेट) ने इसके बाद नियमित अंतराल पर भारत को सफलताएं दिलाई। उमेश यादव और इशांत शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जेनिंग्स जब नौ रन बनाकर खेल रहे थे तब इशांत की गेंद ने उनके बल्ले का किनारा लिया लेकिन स्लिप में उप कप्तान अजिंक्य रहाणे मैच लपकने में नाकाम रहे। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सबको हैरान करते हुए सातवें ओवर में ही अश्विन को गेंदबाजी आक्रमण में लगा दिया। अश्विन ने कप्तान को निराश नहीं करते हुए अपने दूसरे ओवर में ही भारत को सफलता दिला दी। इस आफ स्पिनर ने टेस्ट क्रिकेट में आठवीं बार कुक को आउट किया। रूट शुरुआत से ही अच्छी लय में दिखे। उन्होंने कुछ अच्छी बाउंड्री लगाई और लय इंग्लैंड के पक्ष में की।
शमी दूसरे बदलाव के तौर पर गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने सटीक गेंदबाजी की लेकिन शुरू में उनकी गेंदबाजी में धार नदारद दिखी। इंग्लैंड के 50 रन 16वें ओवर में पूरे हुए। भारत ने दूसरे सत्र में प्रभावी शुरुआत की लेकिन जेनिंग्स और रूट ने सात ओवर तक मेहमान टीम के गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा। कोहली ने 36वें ओवर में गेंद शमी को थमाई। वह ओवर की शुरुआत करते इससे पहले की एक कबूतर पिच से समीप आ गया जिसे जेनिंग्स ने पिच से दूर किया लेकिन वह उड़ा नहीं। जेनिंग्स और रूट इसके बाद दोबारा कबूतर को उड़ाने गए लेकिन वह मैदान पर बैठा रहा।