नाटिंघम, 20 अगस्त: कप्तान विराट कोहली ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा जबकि चेतेश्वर पुजारा ने खराब फार्म से उबरते हुए अर्धशतक जड़ा जिससे भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे लंच तक तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 194 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त को 362 रन तक पहुंचाया।
लंच के समय पुजारा 56 जबकि कोहली 54 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अब तक 83 रन की अटूट साझेदारी करके भारत को बेहत मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
भारत ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 124 रन से की। नाटिंघम में गर्म और उमस भरे दिन हालात बल्लेबाजी के लिए अनुकूल थे और दोनों बल्लेबाज किसी भी तरह की जल्दबाजी में नहीं दिखे।
कोहली एक बार फिर अच्छी लय में दिखे जबकि पुजारा ने ठोस बल्लेबाजी की जिससे भारत ने सुबह के सत्र में बिना विकेट गंवाए 70 रन जोड़े।
जेम्स एंडरसन ने सुबह के सत्र में शानदार गेंदबाजी की और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने पहले घंटे में सात ओवर में तीन मेडन फेंकते हुए सिर्फ सात रन दिए।
क्रिस वोक्स और बेन स्टोक्स ने भी किफायती गेंदबाजी की जबकि भारतीय बल्लेबाजों को कुछ मौके पर असमान उछाल के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
एंडरसन हालांकि पारी के 40वें ओवर में भाग्यशाली रहे जब उनकी गेंद पर दूसरी स्लिप में जोस बटलर ने पुजारा का कैच टपका दिया। पुजारा इस समय 40 रन बनाकर खेल रहे थे।
इंग्लैंड के सटीक लाइन और लेंथ का अंदाजा इस बात से लग सकता है कि एक समय दो बाउंड्री के बीच 63 गेंद का अंतर था।
इंग्लैंड की चिंता उस समय और बढ़ गई जब पारी के 44वें ओवर में विकेटकीपर जानी बेयरस्टा के बायें हाथ की मध्यमा अंगुली में चोट लगी और उन्हें एक्सरे के लिए ले जाना पड़ा। बटलर ने इसके बाद विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली।
पुजारा ने इसके बाद 147 गेंद में अपना 18वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया जो छह पारियों में उनका पहला अर्धशतक है। कोहली ने भी 82 गेंद में 50 रन पूरे किए।
The post कोहली और पुजारा के अर्धशतक, भारत को 362 रन की बढ़त appeared first on SportzWiki Hindi.