बर्मिंगम
बर्मिंगम टेस्ट में भारत को एक बार फिर विराट कोहली से करिश्मे की उम्मीद है। तीसरे दिन भारतीय पारी संकट में नजर आ रही है। भारत के सामने दूसरी पारी में 194 रनों का लक्ष्य था। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने पांच विकेट खोकर 110 रन बना लिए हैं। वह अभी जीत से 84 रन दूर है। दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान विराट कोहली 43 और दिनेश कार्तिक 18 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड ने दो विकेट लिए हैं।
इससे पहले इशांत शर्मा (51 रन देकर पांच विकेट) ने इंग्लैंड के मध्यक्रम को झकझोर कर उसकी टीम को दूसरी पारी में 180 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई। इशांत के अलावा रविचंद्रन अश्विन ने 59 रन देकर तीन विकेट और उमेश यादव ने 20 रन देकर दो विकेट लिए। इंग्लैंड का स्कोर एक समय सात विकेट पर 87 रन था, लेकिन 20 वर्षीय आलराउंडर सैम कुरेन ने 65 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली, जिससे उनकी टीम भारत के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने में सफल रही।
भारतीय ओपनर फिर हुए फेल
मुरली विजय (6) और शिखर धवन (13) फिर से टीम को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे। स्टुअर्ट ब्रॉड (29 रन देकर दो) ने इन दोनों को आठ ओवर के अंदर पविलियन भेज दिया था। शुरू में जीवनदान पाने वाले विजय पगबाधा आउट हुए जबकि धवन ने ढीला शॉट खेलकर विकेट के पीछे कैच दिया। केएल राहुल (13) शुरू से ही बाहर जाती गेंदों से जूझ रहे थे। उन्होंने बेन स्टोक्स की गुडलेंथ गेंद पर जॉनी बेयरस्टॉ को आसान कैच दिया।
अंजिक्य रहाणे (दो) भी नहीं चल पाए। बेयरस्टॉ ने कुरेन की गेंद पर उनका नीचा रहता हुआ कैच लपका। कोहली ने पहली पारी की तरह एक छोर संभाले रखा, लेकिन इस बार बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया गया तथा अश्विन (13) को छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। उन्होंने तीन चौके लगाए, लेकिन जेम्स एंडरसन की खूबसूरत गेंद उनके बल्ले को चूमकर विकेटकीपर के दस्तानों में समा गई।
कोहली ने दूसरे छोर से शांतचित होकर बल्लेबाजी की और रन बनाने के लिए ढीली गेंदों का इंतजार किया। दिनेश कार्तिक (नाबाद 18) ने पिछली पारी की भरपायी करने की अब तक पूरी कोशिश की है। कोहली और कार्तिक ने छठे विकेट के लिए 32 रन जोड़े हैं।
इंग्लिश पारी का रोमांच
इससे पहले इंग्लैंड ने सुबह एक विकेट पर 9 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई, लेकिन एलिस्टर कुक (शून्य) को आउट करने वाले अश्विन ने पारी के 8वें के ओवर में कीटोन जेनिंग्स (आठ) को लेग स्लिप में के एल राहुल के हाथों कैच कराया। अब कप्तान जो रूट (14) पर जिम्मेदारी थी, लेकिन अश्विन ने जल्द ही भारत को उनका कीमती विकेट भी दिलवा दिया। राहुल ने फिर से एक अच्छा कैच लपका।