Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

स्मिथ फ्लॉप लेकिन ब्रेंडन मैकुलम की धमाकेदार पारी ने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को दिलायी आसान जीत

ब्रेंडन मैकुलम की धमाकेदार पारी ने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को एक आसान जीत दिलायी. बारबाडोस ट्राईडेंट्स पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल नही रही. जिसके जवाब में ट्रिनबागो ने 17वें ओवर में ही 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

टॉस जीतने के बाद बरबाडोस का गलत फैसला 

बारबाडोस ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन उसका ये फैसला तब गलत साबित हो गया जब उसने महज 3 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए. ओपनर बल्लेबाज ड्वेन स्मिथ दो रन बनाकर आउट हो गए. तीसरे नंबर पर आए शमर स्प्रिंगर बिना खाता खोले ही रन आउट हुए.

इसके बाद चौथे नंबर पर आए स्टीव स्मिथ दो गेंदे खेलने के बाद ही बिना खाता खोले स्टंप होकर वापस पवेलियन लौट गए. होप और निकोलस पूरन ने मिलकर 70 रनों की एक बड़ी साझेदारी की. 34 रनों पर निकोलस के आउट होने के बाद एक बार फिर बारबाडोस बैकफुट पर आ गयी. होप 42 रन बनाकर फवाद अहमद की गेंद पर बोल्ड हो गए. वहीं कप्तान जेसन होल्डर ने 30 रनों की पारी खेली. बारबाडोस 8 विकेट खोकर 128 रन ही बना सकी. ट्रिनबागो की ओर से खरे, कप्तान ड्वेन ब्रावो और फवाद तीनों ने 2-2 विकेट लिए. जबकि अली खान को एक मात्र विकेट मिला.

मैकुलम की पारी ने ट्रिनबागो को दिलायी जीत 

जीत के लिए 129 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रिनबागो नाईट राइडर्स की शुरुआत खास नहीं रही. ओपनर बल्लेबाज क्रिस लिन 8 और सुनील नरेन 13 रन बनाकर आउट हो गए. तीसरे नंबर पर आए कॉलिन मुनरो भी 14 रन ही बना सके. वहीं डरेन ब्रावो ने दो रन बनाए. इसके बाद ब्रेंडन मैकुलम और रामदीन के बीच 66 रनों की एक बड़ी साझेदारी हुई.

मैकुलम 42 गेंदों पर 66 रन बनाकर आउट हुए. जिसमें उन्होंने 8 चौके और तीन छक्के लगाए. रामदीन 20 रनों पर शमर स्प्रिंगर का शिकार हुए. रामदीन और मैकुलम टीम के 126 रनों के स्कोर पर आउट हुए. यानि तब जीत के लिए सिर्फ तीन रनों की आवश्यकता थी. कप्तान ड्वेन ब्रावो ने चौका जड़कर टीम की जीत सुनिश्चित की.

The post स्मिथ फ्लॉप लेकिन ब्रेंडन मैकुलम की धमाकेदार पारी ने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को दिलायी आसान जीत appeared first on SportzWiki Hindi.