ढाका, 13 अगस्त: बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मोहम्मद अशरफुल ने कहा है कि मैच फिक्सिंग के लिए लगा पांच साल का प्रतिबंध समाप्त होने के बाद उनकी नजरें राष्ट्रीय टीम में वापसी पर टिकी हैं।
अशरफुल ने ब्रिटेन से कहा, ‘‘मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं क्योंकि मैं पिछले पांच साल से इस दिन का इंतजार कर रहा था। (मैंने स्वयं से कहा) जब 13 अगस्त 2018 आएगा तो मैं राष्ट्रीय टीम के लिए फिर उपलब्ध रहूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले पांच साल में मैंने कभी महसूस नहीं किया कि मैं वापसी नहीं कर पाऊंगा। मेरे अंदर यह आत्मविश्वास कभी कम नहीं हुआ। मैंने हमेशा महसूस किया कि मैं वापसी करूंगा।’’
बांग्लादेश में 2013 में टी20 टूर्नामेंट के दौरान मैच एवं स्पाट फिक्सिंग के लिए अशरफुल पर जुर्माना और आठ साल का प्रतिबंध लगाया गया था जिसे अपील के बाद पांच साल कर दिया गया।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 2016 में उनके प्रतिबंध को आंशिक रूप से हटाते हुए उन्हें प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए क्रिकेट खेलने की स्वीकृति दी।
लेकिन अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी आधारित लीग से उनका प्रतिबंध जारी रहा।
The post प्रतिबंध खत्म होने के बाद अशरफुल की नजरें वापसी पर appeared first on SportzWiki Hindi.