नॉटिंघम
इंगलैंड भले ही भारत के साथ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे हैं लेकिन टीम के मुख्य बल्लेबाज एलिएस्टर कुक का लगातार खराब प्रदर्शन क्रिकेट प्रेमियों को रास आता नजर नहीं आ रहा है। वहीं, इंगलैंड के कोच ट्रेवर बेलिस ने खराब फार्म से जूझ रहे कुक का बचाव करते हुए कहा कि वह उसी तरह से खेल रहा है जैसा पहले खेलता था। वह अभी भी उसी तरह से अभ्यास करता है जितना कोई दूसरे खिलाड़ी करते हैं।
उन्होंने कहा- उसका पैर ठीक से चल रहा है, मैं यह नहीं कहूंगा की वह फार्म में नहीं है। वह गेंद पर अच्छे से बल्लेबाजी कर रहा है, वह रन नहीं बना पा रहा है लेकिन वह हर संभव प्रयास कर रहा है। वह कड़ा अभ्यास करता है और वह टीम में सक्रिय भूमिका निभाता है। इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी चिंता सलामी बल्लेबाजों का फार्म के लिए जूझना है। कुक पिछली सात पारियों से 50 रन के आंकड़ेे को पार करने में विफल रहेे है।
सलामी बल्लेबाजी में उनके 12वें जोड़ीदार कीटन जेनिंग्स पिछली 14 पारियों में ऐसा करने में नाकाम रहे है। कोच ने हालांकि दोनों का समर्थन किया कि भारत के साथ श्रृंखला में बाकी बचे दो मैचों में उनका प्रदर्शन अच्छा होगा। पांच मैचों की श्रृंखला के तीसरे मैच में इंग्लैंड की पहली पारी 161 रन पर सिमट गई थी और भारत ने मैच 203 रन से अपने नाम किया था। श्रृंखला में हालांकि इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे है।
बेलिस ने कहा इस टीम के खिलाड़ी एक शैली में खेलते है। वे आक्रामक बल्लेबाज है। जब आप पिछले कुछ वर्षों से एक खास शैली में खेलते हैं तो उस में श्रृंखला के बीच में बदलाव करना आसान नहीं होता है। मुझे नहीं पता यह अच्छा है या नहीं, लेकिन यही तथ्य है। मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कह सकता।