भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना इंग्लैंड में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से लगातार बड़े स्कोर बना रही हैं. मंगलवार को साउथर्न वाइपर्स और वेस्टर्न स्टॉर्म के बीच मुकाबला हुआ. जिसमें मंधाना की शानदार पारी के दम पर स्टॉर्म ने 9 विकेट से एक बड़ी जीत हासिल की.
स्मृति की विस्फोटक पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथर्न वाइपर्स की टीम 18.1 ओवर में महज 91 रन ही बना सकी. वेस्टर्न स्टॉर्म के लिए ये स्कोर हासिल करना कोई बड़ी बात नही थी. मगर स्मृति ने जिस तरह टीम को जीत दिलाई वह शानदार है.

सलामी बल्लेबाजी के लिए आयी स्मृति ने 27 गेंदों पर 43 रनों की नाबाद पारी खेली. जिसमें उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 159.26 रहा. स्मृति की इसी दमदार पारी के दमपर टीम ने सिर्फ एक विकेट खोकर 9.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया.
लगातार बना रही रन
स्मृति मंधाना सुपर लीग में लगातार जबरदस्त पारियां खेल रही हैं. इससे पहले लाइटिंग के खिलाफ उन्होंने नाबाद 52 रनों की शानदार पारी खेली थी. जबकि इससे पहले सरे स्टार्स के खिलाफ 37 और डायमंड के खिलाफ 48 रन बनाए थे.
स्मृति भारतीय क्रिकेट टीम की एक शानदार बल्लेबाज हैं. महिला विश्वकप के दौरान स्मृति ने कई शानदार पारियां खेलीं थीं. उन्होंने भारत की ओर से 41 वनडे मैच खेले हैं. जिसमें 37.53 की औसत से 1464 रन बनाए हैं. इस दौरान स्मृति का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन रहा. वह तीन शतक और 11 अर्द्धशतक लगा चुकी हैं.

वहीं टी-20 में भारतीय टीम की महिला ओपनर मंधाना ने 42 मैच खेले हैं. जिसमें 23.16 की औसत से 857 रन बनाए हैं. इस दौरान स्मृति की सर्वश्रेष्ठ 76 रनों की रही है. टी-20 में उन्होंने 5 अर्द्धशतक लगाए हैं.
इंग्लैंड में खेली जा रही वूमेन सुपर लीग 22 जुलाई से शुरु हुई थी. एक महीने से अधिक चलने वाली इस सुपर लीग का फाइनल मुकाबला काउंटी ग्राउंड पर 27 अगस्त को खेला जाएगा.
The post इंग्लैंड में सब पर भारी स्मृति मंधाना खेली एक और तूफानी पारी appeared first on SportzWiki Hindi.