भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी नमूना पेश किया है। टीम के तेज गेंदबाजों ने इंग्लैंड के एक भी बल्लेबाज को टिक कर खेलने नहीं दिया और पूरी इंग्लैंड की पारी 161 पर सिमट गई। भारत की तरफ से पहला टेस्ट खेल रहे ऋषभ पंत ने 5 और केएल राहुल ने शानदार फील्डिंग करते हुए 3 कैच लपके। भारतीय टीम को पहली पारी के आधार पर 168 रनों की बढ़त मिल गई है।
अच्छी शुरुआत का नहीं मिला फायदा

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलिस्टर कुक और केटन जेनिंग्स ने पहले विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी बनाकर टीम को ठोस शुरुआत दी लेकिन दोनों ही बल्लेबाज लगातार गेंदों पर आउट हो गए। कुक (29) इशांत शर्मा का शिकार बने वहीं जेनिंग्स (20) को जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन भेजा। इसके बाद जल्द ही इशांत ने ओली पोप (10) को भी पवेलियन भेज दिया। तीनों का कैच ऋषभ पंत ने लपका।
आते ही छा गए पांड्या

इंग्लैंड का 25वां ओवर लेकर आए हार्दिक पांड्या ने पहली ही गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान जो रूट (16) को पवेलियन भेज दिया। पांड्या यहीं नहीं रुके इसके बाद उन्होंने जॉनी बैरेस्टो (15), पिछले मैच के शतकवीर क्रिस वोक्स (8), आदिल रशीद (5) और स्टुअर्ट ब्रॉड (0) को पवेलियन भेज अपना 5 विकेट पूरा किया।
यह पांड्या के टेस्ट करियर में पहला मौका है जब उन्होंने पारी में 5 विकेट चटकाए हैं। पांड्या के अलावा मोहम्मद शमी ने बेन स्टोक्स (10) को पवेलियन भेजा।
अंत में विस्फोटक हो गए बटलर

इंग्लैंड की टीम ने 128 के स्कोर पर अपना 9वां विकेट खो दिया था। इसके बाद जोस बटलर ने तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। उन्होंने मोहम्मद शमी के एक ओवर में दो चौके और 1 छक्के की मदद से 16 रन ठोक दिए। इंग्लैंड की तरफ से ऊपर के सात बल्लेबाजों ने दहाई का आंकड़ा छुआ लेकिन कोई भी उसे लंबी पारी में तब्दील नहीं कर पाए।
अंतिम बल्लेबाज के रूप में बटलर 31 गेंद में 39 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह का शिकार हो गए। भारत के लिए पांड्या ने 5, इशांत और बुमराह ने 2-2 जबकि मोहम्मद शमी ने 1 विकेट चटकाया।
The post ENG vs IND, तीसरा टेस्ट: भारतीय तेज गेंदबाजी के सामने नहीं टिक पाए इंग्लिश बल्लेबाज, 168 रनों की मिली बढ़त appeared first on SportzWiki Hindi.