इंटरनेट डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार को लंदन के लॉर्ड्स मैदान में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला गया। दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों का शर्मनाक प्रदर्शन रहा टीम इंडिया को दूसरे टेस्ट मैच में एक पारी और 159 रन के विशाल अंतर से शिकस्त झेलनी पड़ी। इस जीत के साथ ही मेजबान टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 35.2 ओवर में 107 रनों पर ढेर हो गई। जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 7 विकेट पर 396 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। इंग्लैंड ने पहली पारी के आधार पर 289 रन की बढ़त हासिल की। टीम इंडिया की दूसरी पारी 130 रन पर ढेर हुई और इंग्लैंड की टीम ने मैच जीतकर इस टेस्ट सीरीज में 2—0 की बढ़त बना ली है। दूसरी पारी में भारत की और से रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाकर नाबाद रहे।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स को उनके शानदान आॅलराउंडर प्रदर्शन के लिए मैन आॅफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। क्रिस वोक्स ने दूसरे टेस्ट मैच में 137 रनों की नाबाद पारी खेली और उसके बाद गेंदबाजी में भी चार विकेट लिए। लॉर्ड्स के मैदान में खेला गया ये दूसरा टेस्ट मैच बारिश के कारण एक दिन देरी से शुरू हुआ। इस मैच में इंग्लैंड की टीम भारत को हराने में मात्र तीन दिन का समय लिया। इंग्लैंड की टीम ने इस मैच में मात्र एक बार ही बल्लेबाजी की थी।
भारतीय टीम का टॉप आॅर्डर बल्लेबाजी क्रम इस मैच में भी पूरी तरह फ्लॉप रहा। ओपनर बल्लेबाज मुरली विजय दोनों ही पारियों मे शून्य पर ही पवेलियन लौट गए। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने दूसरे टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और टीम को जीताने में अहम योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में जेम्स एंडरसन 23 रन पर 4 विकेट और स्टुअर्ट ब्रॉड ने 44 रन पर 4 विकेट लिए। एंडरसन और ब्रॉड के अलावा क्रिस वोक्स ने 24 रन पर दो विकेट लेने में कामयाबी हासिल की।