बर्मिंगम
एजबेस्टन में पहले टेस्ट के चौथे दिन भारत के पांच में से 3 अहम विकेट लेकर इंग्लैंड को जीत दिलाने वाले ऑलराउंडर बेन स्टोक्स 9 अगस्त से ऐतिहासिक लॉर्ड्स ग्राउंड पर शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में टीम से बाहर रह सकते हैं। स्टोक्स को पिछले साल सितंबर में ब्रिस्टल के एक नाइटक्लब के बाहर हुई मारपीट मामले में सोमवार को कोर्ट में पेश होना है। इस हाथापाई में एक व्यक्ति की आंख के पास की हड्डी टूट गई थी।
स्टोक्स मैच में बैट से नाकाम रहे लेकिन दूसरी पारी में 4 विकेट लेकर टीम की जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। खासकर भारतीय कप्तान विराट कोहली को आउट कर उन्होंने टीम की जीत सुनिश्चित की। स्टोक्स की अहमियत को इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट भी बखूबी समझते हैं। मैच के बाद उन्होंने कहा कि जब स्टोक्स टीम में होते हैं, तो वह टीम की जीत के लिए पुरजोर कोशिश करते हैं। एजबेस्टन टेस्ट में उन्हें मौका मिला, तो वह टीम के सबसे ज्यादा समर्पित खिलाड़ियों में से एक थे।
भारत को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में 31 रन से करीबी हार झेलनी पड़ी। इस टेस्ट में हार से टीम इंडिया को कुछ सबक मिले जिन्हें आगामी मैचों में आजमाया जा सकता है।
पहली पारी में 149 रन बनाने वाले कप्तान विराट कोहली ने दूसरी पारी में भी जुझारूपन दिखाया, लेकिन साथियों से उम्मीद के मुताबिक साथ नहीं मिलने पर उनका प्रयास बेकार गया। भारत को इस हार से कुछ सबक मिले।
बर्मिंगम के एजबेस्टन मैदान में कभी टेस्ट मैच न जीतने का मिथक भारत फिर नहीं तोड़ सका। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 194 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पूरी भारतीय टीम चौथे दिन ही 162 रन पर आउट हो गई और मैच 31 रन से गवां बैठी। एजबेस्टन में टेस्ट में भारत की यह छठी हार है।
पूरे मैच में भारतीय टीम ने कुल 436 रन बनाए, जिसमें से 200 रन तो अकेले विराट कोहली ने ठोंके। दोनों पारियों में विराट को ऐसा पार्टनर नहीं मिला, जो वक्त तक उनका क्रीज पर साथ दे। सबसे बड़ी पार्टनरशिप 57 रन की रही, जो पहली पारी में विराट और उमेश यादव के बीच 10वें विकेट के लिए हुई।
पहले टेस्ट में अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा की जगह आए लोकेश राहुल पूरे मैच में 17 रन ही बना सके। ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है, जो एक छोर संभाले रहे।
मुरली विजय और शिखर धवन की जोड़ी एशियाई पिचों पर तो खूब चली, लेकिन इसके बाहर यह जोड़ी संघर्ष करती ही दिखी। एशिया के बाहर इस जोड़ी के नाम एक भी शतकीय साझेदारी नहीं है। ऐसे में लोकेश राहुल को नंबर 3 के बजाय ओपनिंग में आजमाया जा सकता है।
बहरहाल फिलहाल हम लॉर्ड्स टेस्ट के लिए टीम कॉम्बिनेशन पर नहीं सोच रहे हैं। यह फैसला हम लॉर्ड्स में जाकर वहां की कंडिशंस को ध्यान में रखकर करेंगे। हमारी टीम में शानदार खिलाड़ी हैं। लेकिन जहां तक स्टोक्स का सवाल है, तो वह हमेशा ही टीम के लिए अहम खिलाड़ी हैं।