नई दिल्ली
भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने इंग्लैंड में जारी वीमेंस क्रिकेट सुपर लीग (Women's cricket Super League) में धूम मचाई हुई है। मंधाना इस समय धाकड़ फॉर्म में नजर आ रही हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने महिला टी20 क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक मारकर सनसनी मचाई थी। उसके बाद बीते शुक्रवार को उन्होंने करियर का पहला टी20 शतक ठोककर फिर तहलका मचा दिया। इस शानदार बैटिंग के चलते मंधाना इस लीग में हर जगह टॉप पर बनी हुई हैं।
सबसे ज्यादा रन मंधाना के नाम
भारत की ओर से Kia Super League में खेल रहीं इकलौती महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना पूरी तरह से छा गई हैं। शुक्रवार (3 अगस्त) को स्मृति ने अपने टी20 करियर और लीग का पहला शतक ठोका। उन्होंने महज 68 गेंदों पर 12 चौकों और चार छक्कों की मदद से 102 रन बनाए। इसी के साथ वो लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। स्मृति ने अब तक 6 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 338 रन बनाए हैं।
183 के स्ट्राइक रेट से मारे 19 छक्के
वेस्टर्न स्टॉर्म के लिए खेलने वाली स्मृति द्वारा बनाए गए 102 रन, अभी तक इस लीग का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इस लीग में मंधाना ने ताबड़तोड़ बैटिंग की है और अब तक सबसे ज्यादा 19 छक्के लगा चुकी हैं। इतना ही नहीं उनकी स्ट्राइक रेट 183.69, इस सीजन में सबसे अधिक है। सबसे ज्यादा रन बनाने वाली मंधाना का औसत 84.50 का है जो इस सीजन में सबसे ज्यादा बल्लेबाजी औसत है। अगर स्मृति मंधाना अपना ये फॉर्म जारी रखती हैं तो आने वाले दिनों में वो कई और करिश्मे कर जाएंगी।