दुबई, 25 सितम्बर: लगभग दो साल बाद टीम की कमान सम्भाल रहे महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। वह 200 मैचों में कप्तानी करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। धोनी ने यह मुकाम एशिया कप-2018 में सुपर-4 के मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ हासिल किया।
दरअसल, इस टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा और उप-कप्तान शिखर धवन दोनों को ही इस मैच में टीम प्रबंधन ने आराम देने के फैसला किया। ऐसे में कप्तानी की जिम्मेदारी 696 दिनों बाद एक बार फिर धोनी के कंधों पर आ गई और धोनी के नाम जो रिकार्ड आने से रह गया वो आखिरकार उनकी रिकार्डबुक में आ गया।
धोनी वनडे प्रारुप में यह रिकार्ड बनाने वाले भारत के पहले और विश्व के तीसरे कप्तान बन गए। धोनी से पहले इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग (230) और न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग (218) के नाम आते हैं।
अपनी कप्तानी में भारत को 2007 में टी-20 विश्व कप, 2011 में विश्वकप और 2013 में चैम्पियंस ट्राफी खिताब दिला चुके धोनी ने अक्टूबर 2016 में टी-20 और वनडे से कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद से विराट कोहली तीनों प्रारूपों में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
विराट को हालांकि इस टूर्नामेंट में आराम दिया गया और इसी कारण रोहित के जिम्मे कप्तानी का भार आया, जो इस मैच में बेंच पर बैठे।
धोनी ने बतौर कप्तान अभी तक 199 वनडे मैचों में 110 जीते हैं और 74 हारे हैं। वहीं चार मैच टाई रहे जबकि 11 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकला है। धोनी के बाद मोहम्मद अजहरुद्ीन ने 174 और सौरभ गांगुली ने 147 मैचों में भारत की कप्तानी की है।
The post धोनी 200 वनडे में कप्तानी करने वाले पहले भारतीय appeared first on SportzWiki Hindi.