खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (नाबाद 142) और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (नाबाद 101) की शतकीय पारियों की मदद से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के अन्तिम मुकाबले में अपनी जीत की उम्मीदें बरकरार रखी है।
इन दोनों की छठे विकेट के लिए हुई 177 रन की नाबाद रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी की मदद से भारत ने मैच के अन्तिम दिन चाय के समय तक पांच विकेट पर 298 रन बना लिए हैं। हालांकि वह अभी भी जीत से 166 रन दूर है। ओवल मैदान में मेजबान टीम ने भारत को 464 रन का विशाल लक्ष्य दिया है। जिस प्रकार राहुल और पंत जिस प्रकार बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखते हुए मैच के फैसले के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इस मैदान पर छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का 36 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड तोड़ा है। दोनों ने छठे विकेट के लिए 177 रन की साझेदारी की। इससे पहले ये रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव और विकेटकीपर बल्लेबाज सैयद किरमानी के नाम था। उन्होंने इसी मैदान पर 1982 में मेजबान टीम के खिलाफ छठे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की थी।
ऋषभ पंत ने अपने कॅरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 118 गेेंदों का सामना किया। वहीं सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने अपनी शतकीय पारी में 210 गेंदों का सामना किया।
केएल राहुल का यह पिछले दो वर्षों में पहला और करियर का पांचवां टेस्ट शतक है। इससे पहले वह लगातार नौ पारियों में एक बार भी 50 से अधिक रन नहीं बना पाए थे। राहुल ने अंजिक्य रहाणे (37) के साथ चौथे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की।
इसके साथ ही राहुल इंग्लैंड में चौथी पारी में शतक बनाने वाले दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इसी मैदान पर 1979 में 221 रन बनाए थे।