नई दिल्ली
यूएई में खेले जा रहे एशिया कप में इन दिनों अफगानिस्तान की टीम सबसे ज्यादा प्रभावित करती दिख रही है। शुक्रवार को उसने बांग्लादेश को 136 रन से हराकर टूर्नमेंट के ग्रुप स्टेज से सुपर 4 में धमाकेदार एंट्री की। इससे पहले टूर्नमेंट में अफगान टीम ने श्री लंका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत की थी। यह मुकाबला लंकाई टीम के लिए करो या मरो का था। यहां भी अफगानिस्तान टीम ने अपने से मजबूत मानी जा रही श्री लंका को 91 रन से करारी शिकस्त देकर उसे टूर्नमेंट से बाहर कर दिया। अपने ग्रुप में अफगानिस्तान की टीम अनुभव के आधार पर सबसे कमजोर मानी जा रही थी, लेकिन अपने उम्दा प्रदर्शन से उसने टॉप पोजिशन हासिल कर सुपर 4 में जगह बनाई है।
5 बार की एशिया कप चैंपियन को किया बाहर
अफगान टीम ने इस टूर्नमेंट में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। श्री लंका की टीम टूर्नमेंट के पहले ही मैच में बांग्लादेश से हार गई थी और गेम में बने रहने के लिए उसे अफगानिस्तान को हराना था। अफगान टीम ने अपने शानदार खेल से ऐसा होने नहीं दिया। अफगानिस्तान की टीम ने एकजुट होकर खेल दिखाया और लंका के सामने 250 रन की चुनौती पेश की। इसके बाद उसके गेंदबाजों ने श्री लंका को 158 रन पर ढेर कर 91 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
बांग्लादेश को 119 रन पर किया ढेर
खेल के जानकार मान रहे थे कि श्री लंका पर अफगानिस्तान की जीत कुछ खास नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि इन दिनों लंकाई टीम में अच्छे खिलाड़ियों की कमी है। अब वह वैसा प्रदर्शन नहीं कर पा रही जिसके लिए वह जानी जाती रही है। ऐसे में उम्मीद थी कि बांग्लादेश के खिलाफ अफगानिस्तान की सही ताकत का अहसास हो पाएगा। अफगान की टीम ने यहां और भी बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया। इस बार बांग्लादेश के सामने उसने 256 रन की चुनौती रखी और विपक्षी को महज 119 रन पर ही समेटकर 136 रन की दमदार जीत दर्ज की। राशिद खान ने यहां बल्ले और बॉल, दोनों से अपना कमाल दिखाया।
भारत-पाकिस्तान से ऊपर है अफगानिस्तान
एशिया कप में अभी तक पहले स्टेज का खेल खत्म हो चुका है। दोनों ग्रुपों में 3-3 टीमें थीं, जिसमें 2 टीमें बाहर हो चुकीं हैं और बाकी की 4 टीमों ने सुपर 4 में क्वॉलिफाइ किया है। ग्रुप स्टेज तक सभी टीमों के परफॉर्मेंस पर नजर डालें, तो यहां अफगानिस्तान की टीम टॉप पर है। उसने अपने दोनों मैचों में बड़े अंतर से जीत दर्ज की और उसका नेट रनरेट +2.270 है। वहीं भारत इस टूर्नमेंट में भले ही सबसे मजबूत टीम मानी जा रही हो, लेकिन पहली बार इंटरनैशनल मैच खेल रही हॉन्ग कॉन्ग की टीम ने उसके पसीने छुड़ा दिए थे। हालांकि भारत ने भी अपने दोनों मैचों में जीत दर्ज की। लेकिन रनरेट (+1.474 ) की बात करें, तो वह अफगानिस्तान से पीछे ही है।