एशिया कप के पहले ही मैच में एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसकी हर कोई तारीफ कर रहा है। संयुक्त अरब अमीरात में शनिवार से शुरू हुए एशिया कप के पहले मैच में बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने श्रीलंका के खिलाफ अपनी चोट को भी नजरअंदाज करते हुए टीम के लिए बल्लेबाजी के लिए उतर कर एक जबरदस्त नमूना पेश किया।

तमीम इकबाल ने चोट के बाद भी टूटी कलाई से की बल्लेबाजी
दरअसल बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल का पारी के दूसरे ही ओवर में सुरंगा लकमल की अंतिम गेंद पर कलाई पर जोरदार गेंद लग गई, जिसके बाद बांग्लादेश बल्लेबाज को बहुत ही तकलीफ हुई और उन्हें रिटायर होना पड़ा। लेकिन बांग्लादेश की पारी के 9 विकेट गिरने के बाद टीम की जरूरत को देखते हुए टूटी कलाई के साथ बल्लेबाजी करने उतरे और टीम की प्राथमिकता की जबरदस्त मिसाल पेश की है।
पहले भी दिखे हैं ऐसे नजारे
वैसे क्रिकेट के मैदान में इस तरह का मामला पहला नहीं है इससे पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है जब खिलाड़ी चोट के दर्द को भुलाकर टीम के लिए मैदान में उतरा।
गैरी कर्स्टन- दक्षिण अफ्रीका वर्सेज पाकिस्तान 2003-04
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज रहे गैरी कर्स्टन को साल 2003-04 में पाकिस्तान के दौरे पर जबरदस्त चोट लगी। पाकिस्तान के खिलाफ लाहौर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में गैरी कर्स्टन को पाकिस्तान के तूफानी गेंदबाज शोएब अख्तर की गेंद आंख के नीचे जा लगी। इसके बाद लहुलुहान हुए गैरी को 53 के निजी स्कोर पर लौटना पड़ा। लग रहा था कि वो बल्लेबाजी करने शायद ही आ पाए, लेकिन दूसरी पारी में जब दक्षिण अफ्रीका की टीम संघर्ष कर रही थी, तो टीम की जरूरत को समझते हुए गैरी बल्लेबाजी करने आए। हालांकि वो टीम की हार को नहीं बचा सके।

कोलिन काउड्रे- इंग्लैंड वर्सेज वेस्टइंडीज 1963
1963 में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच ऐतिहासिक रोमांचक मैच खेला गया था। इस मैच को देखने वाले दर्शकों की सांसे रूक गई थी। इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 301 रन बनाए इसके जवाब में इंग्लैंड 297 रन बनाने में कामयाब रही। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की टीम 229 पर आउट हो गई।
234 रनों के लक्ष्य का पीछे करने उतरी इंग्लैंड की टीम को आखिरी ओवर में 2 विकेट रहते 8 रनों की जरूरत थी। जब तीन गेंदों पर 6 रनों की जरूरत थी तो इंग्लैंड का नौवा विकेट गिर गया। मैच यहीं पर खत्म हो जाता लेकिन इंग्लैंड के कोलिन काउड्रे अपने चोटिल हाथ में प्लास्टर के साथ बल्लेबाजी के लिए उतरे और मैच को ड्रॉ करवा दिया।

अनिल कुंबले- भारत वर्सेज वेस्टइंडीज 2002
भारत के महान स्पिनर गेंदबाज अनिल कुंबले का साल 2002 में वेस्टइंडीज के खिलाफ एंटिगुआ टेस्ट में जबड़ा टूट गया था। इस मैच में कुंबले को मर्वन डिल्लन के एक बाउंसर पर ये हादसा हुआ। उनको गेंद लगते ही खून निकलने लगा और बाहर जाना पड़ा। लेकिन वेस्टइंडीज की पारी के दौरान अनिल कुंबले टूटे जबड़े के साथ पट्टा बांधकर गेंदबाजी करने आए और उन्होंने 14 ओवर की गेंदबाजी में ब्रायन लारा जैसे बड़े विकेट को हासिल किया।

मैल्कम मार्शल- वेस्टइंडीज वर्सेज इंग्लैंड 1984
वेस्टइंडीज के महान तेज गेंदबाज मैल्कम मार्शल को खतरनाक गेंदबाजी के लिए जाना जाता है। अपने दौर के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में से एक रहे मैल्कम मार्शल ने एक जबरदस्त जज्बा दिखाया था। साल 1984 में इंग्लैंड के खिलाफ मैल्कम मार्शल का हाथ टूट गया था।
ऐसी हालात में उनका मैच में उतरना मुश्किल था लेकिन साथी लार्री गोम्स के शतक को पूरा करवाने के लिए 11वें नंबर पर एक हाथ से बल्लेबाजी करने उतरे। साथ ही दूसरी पारी में गेंदबाजी भी की।

स्टुअर्ट ब्रॉड- इंग्लैंड वर्सेज भारत 2014
इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड अपनी खतरनाक गेंदबाजी के साथ ही उपयोगी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। स्टुअर्ट ब्रॉड को साल 2014 में भारत के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान वरूण आरोन की एक तेज गेंद नाक पर जा लगी। इससे उनके नाक की हट्टी टूट गई। तुरंत ही उन्होंने मैदान छोड़ दिया लेकिन अपनी टीम के लिए बाद में मैदान में उतरे और बल्लेबाजी करने उतरे और तेज गति से 21 गेंदों में 37 रन बनाए और गेंदबाजी भी की।

अगर आपको हमारा ये आर्टिकल पसंद आए तो प्लीज इसे लाइक और शेयर करें।
The post तमीम इकबाल की तरह ये खिलाड़ी दर्द से कहराने के बाद भी टीम के लिए मैदान में उतरे, दिग्गज भारतीय भी लिस्ट में शामिल appeared first on SportzWiki Hindi.