Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

एशिया कपः फखर ने माना- भारत-PAK मैच में दबाव बढ़ जाता है

लाहौर        
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने एशिया कप शुरू होने से पहले कहा है कि भारत के खिलाफ किसी भी मैच में हमेशा दबाव रहता है. आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार भारत 15 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में शुरू हो रहे एशिया कप में 19 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगा.

दोनों टीमें आखिरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल ( 18 जून 2017 ) में भिड़ी थीं, जहां जमान ने 114 रनों की शतकीय पारी खेलकर पाकिस्तान को 180 रनों से जीत दिलाने में अहम योगदान दिया था.

पाकिस्तान के लिए दोहरा शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज जमान ने कहा, 'आमतौर पर, जब आप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई भी मैच खेलते हैं, तो दबाव तो रहता ही है. लेकिन जब भारत और पाकिस्तान का मैच होता है, तो दबाव बढ़ जाता है. चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में मुझे एक बार इसका अनुभव हो चुका है.'

उन्होंने कहा, 'यह कहना गलत होगा कि वहां (एशिया कप) में कोई दबाव नहीं होगा. जिस तरह हम पर दबाव होगा उसी तरह उन पर भी होगा. यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि कौन सी टीम खुद को शांत रखती है और परिस्थितियों पर काबू पाती है. सब कुछ मैच की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा.'

भारत ने कप्तान विराट कोहली को एशिया कप से आराम दिया है और इससे पाकिस्तान के लिए राह आसान हो सकती है. लेकिन जमान इसे ज्यादा तवज्जो नहीं देते हैं.

जमान ने कहा, 'भारत एक विश्व स्तरीय टीम है और मुझे नहीं लगता है कि विराट के नहीं होने से ज्यादा कुछ फर्क पड़ेगा. कोहली एक शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन भारत एक मजबूत टीम है और हमें उम्मीद है कि आप को एक शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा.'