पुणे
भारत ने श्रीलंका को पहले ट्वंटी-20 ब्लाइंड मुकाबले में सोमवार को 39 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 190 रन का विशाल स्कोर बना लिया। डी वेंकटेश्वर ने शानदार 50 और दुर्गा राव ने 27 रन बनाये। सम्पत ने 25 रन पर दो विकेट लिए। श्रीलंका की टीम इसके जवाब में नौ विकेट पर 151 रन ही बना सकी। अजित सिल्वा ने संघर्षपूर्ण 57 रन बनाये। दुर्गा ने 24 रन पर दो विकेट लिए। दुर्गा को उनके आलराउंड खेल के लिए मैन आॅफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। सीरीज का दूसरा मैच मुंबई में मंगलवार को खेला जाएगा।