स्पोर्ट्स डेस्क। 21 साल की उम्र में जहां कुछ खिलाड़ी अपना अंतराष्ट्रीय करियर शुरू भी नहीं कर पाते है, वहीं एक खिलाड़ी ऐसा भी है जो कि इस कम उम्र में ही क्रिकेट से रिटायरमेंट ले रहा है। सुनने में यह बात भले ही अजीब लग रही है लेकिन यह सच है क्योंकि हांगकांग के विकेटकीपर बल्लेबाज क्रिस्टोफर कार्टर ने 21 साल की उम्र में ही क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने की घोषणा कर दी है।
क्रिस्टोफर एशिया कप में खेले जाने वाले हांगकांग टीम का हिस्सा थे, हालांकि इस टूर्नामेंट में उन्हें अपनी योग्यता साबित करने के ज्यादा मौके नहीं मिले। कार्टर ने पायलट बनने का अपना सपना पूरा करने के लिए क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है। क्रिस्टोफर का मानना है कि अपने सपने को पूरा करने के लिए क्रिकेट को छोड़ने का यह सही समय है।
2015 में आईसीसी वर्ल्ड क्रिकेट लीग चैंपियनशिप के दौरान संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ एकदिवसीय डेब्यू करने वाले क्रिस्टोफर अपने देश के लिए 11 वनडे और 10 टी-20 अंतराष्ट्रीय मैच खेल चुके है। कार्टर ने अपना टी-20 डेब्यू ओमान के खिलाफ 2015 में ही किया था।
वर्ल्ड कप में सिर्फ 10 टीमों को खिलाने के आईसीसी के निर्णय के बाद एसोसिएट टीमों के पास अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपनी योग्यता दिखाने के बहुत कम अवसर रह गए है और यही कारण है कि आर्थिक समस्याओं का सामना करने की वजह से एसोसिएट देशों के युवा खिलाड़ी इस खेल को अलविदा कह रहे है।
Herald