Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

2nd Test: भारतीय पारी में तीन बल्लेबाजों ने लगाए अर्धशतक

खेल डेस्क। युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (70) की तूफानी अर्धशतकीय पारी के बाद उपकप्तान अजिंक्या रहाणे (नाबाद 69 ), विकेटकीपर ऋषभ पंत (नाबाद 81 ) और कप्तान विराट कोहली (45) की शानदार पारियों के दम पर भारतीय टीम दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में वेस्टइंडीज पर बढ़त बनाने के करीब पहुंच गई है।

बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत ने दूसरे दिन समाचार लिखे जाने तक चार विकेट पर 297 रन बना लिए हैं। वह पहली पारी में मेहमान टीम के खिलाफ बढ़त हासिल करने से अब केवल 15 रन ही दूर है जबकि उसके छह विकेट बाकी है।

वेस्टइंडीज की पहली पारी को 311 रन पर ढेर करने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने शानदार शुरुआती दिलाई। शॉ ने पहले विकेट के लिए लोकेश राहुल के साथ 61 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी में राहुल का योगदान केवल चार रन का था।

शॉ ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंद में 70 रन बनाए। अपनी पारी में शॉ ने 11 चौके और एक छक्का लगाया। 103 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान विराट कोहली ने अजिंक्या रहाणे के साथ भारतीय पारी को संभाला। कोहली 78 गेंदों पर पांच चौकों की सहायता से 45 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद उपकप्तान अजिंक्या रहाणे और युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 135 रन की शतकीय साझेदारी कर भारतीय टीम को बढ़त दिलाने के करीब पहुंचाया। पंत 103 गेंदों पर 81 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। वह अपनी पारी में अभी तक 10 चौके और 2 छक्के लगा चुके हैं। जबकि रहाणे ने अपनी नाबाद पारी में अभी तक 159 गेंदों पर 69 रन बना लिए हैं। रहाणे ने अपनी पारी में 6 चौके लगाए हैं।