खेल डेस्क। वेस्टइंडीज के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट क्रिकेट में दस विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज उमेश यादव को भारतीय चयनकर्ताओं ने इस इनाम दिया है।इस तेज गेंदबाज को चोटिल शार्दुल ठाकुर के स्थान पर विंडीज टीम के साथ होने वाली पांच मैचों की वनडे शृंखला के पहले दो मैचों के लिए भारतीय टीम में जगह दी गई है।
बीसीसीआई ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सीनियर चयन समिति ने कैरेबियाई टीम के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों के लिए शार्दुल ठाकुर की जगह उमेश यादव को टीम में शामिल किया गया है। मुम्बई के युवा तेज गेंदबाज ठाकुर मांसपेशियों के कारण इस टीम के खिलाफ होनी वाली एकदिवसीय शृंखला में नहीं खेल पाएंगे।
गौरतलब है कि शार्दुल ठाकुर ने हैदराबाद टेस्ट मैच में डेब्यू किया था, लेकिन उनके लिए ये मैच दुस्वप्न की तरह बन गया। उन्हें मैच में केवल दस गेंद करने के बाद मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैच से बाहर होना पड़ा।
वहीं उमेश यादव इस मैच में दस विकेट हासिल कर भारतीय चयनकर्ताओं को प्रभावित करने में सफल रहे। उन्होंने पहली पारी मे छह और दूसरी पारी में चार विकेट हासिल किए। उनके इसी प्रदर्शन के कारण उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दो मैचों के लिए भारतीय टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, अंबाती रायुडु, मनीष पांडे, एमएस धोनी (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, खलील अहमद और उमेश यादव।