खेल डेस्क। हाल ही में समाप्त हुई दो मैचों की भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार हासिल करने वाले युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अब विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में तूफानी पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाई।
पृथ्वी शॉ (44 गेंदों पर 61 रन) ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेल हैदराबाद के रोहित रायूडु (नाबाद 121) के शतक पर पानी फेरते हुए मुंबई को बारिश से प्रभावित मैच में वीजेडी पद्वति से 60 रन से जीत दिलाई।हैदराबाद ने रोहित रायूडु की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 246 रन बनाए थे।
इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करते उतरी मुम्बई टीम ने जब 25 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 155 रन बना लिए थे उसी समय बारिश आ गई जिसके कारण खेल आगे नहीं हो पाया।
इसके बाद वीजेडी पद्वति से मुम्बई की 60 रन से जीत घोषित कर दी गई, क्योंकि इस पद्वति के तहत जीत के लिए मुंबई का स्कोर उस समय दो विकेट के नुकसान पर 96 रन होना चाहिए था।
मुंबई की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 53 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए। जबकि अनुभवी सलामी बल्लेबाज इस मैच में अपना प्रभाव दिखाने में असफल रहे। वह केवल 17 रन ही बना सके। पृथ्वी शॉ ने अपनी आतिशी अर्धशतकीय पारी के दौरान आठ चौके और दो छक्के लगाए।मुंबई का अब खिताब के लिए 20 अक्टूबर को दिल्ली और झारखंड के बीच आज खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से मुकाबला होगा।