खेल डेस्क। वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम पर खेले जा रहे अन्तिम मुकाबले में पहले दिन लंच तक अपने तीन विकेट केवल 86 रन पर ही गंवा दिए।
वेस्टइंडीज के कप्तान जैसन होल्डर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है, लेकिन रविचन्द्रन अश्विन ने 32 रन के योग पर ही पहला विकेट झटक मेहमान टीम के कप्तान के इस फैसले को गलत साबित कर दिया।
अश्विन ने किरोन पावेल को 22 रन के निजी स्कोर पर रवीन्द्र जडेजा के हाथों लपकवा दिया। इसके बाद विंडीज टीम के दूसरे सलामी बल्लेबाज क्रेग ब्रैथवेट भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और केवल 14 रन पर ही कुलदीप यादव का शिकार हो गए।
इस समय तक वेस्टइंडीज का स्कोर केवल 52 रन ही था। बाद में शाई होप और शिमोन हेटमीर ने टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन होप भी लंच से पहले 36 रन बनाकर उमेश यादव की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। उनके आउट होने के साथ ही अंपायर ने लंच की घोषणा की। शिमोन हेटमीर अभी दस रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
इससे पहले भारतीय टीम की ओर से तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को अपना पहला टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला है। वह मैदान पर उतरने के साथ ही टीम इंडिया की ओर से टेस्ट मैच खेलने वाले 294वें खिलाड़ी बने। इस मैच में उन्हें तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के स्थान पर अन्तिम 11 में शामिल किया गया है। बाकी टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।