Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

IND vs WI: हैदराबाद में 10 विकेट से जीता भारत, टेस्ट सीरीज में इंडीज का 2-0 से किया सफाया

 
हैदराबाद,

विराट ब्रिगेड ने हैदराबाद टेस्ट में वेस्टइंडीज को 10 विकेट से शिकस्त देकर उनका दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से सूपड़ा साफ कर दिया है. राजकोट टेस्ट की तर्ज पर भारतीय टीम ने हैदराबाद टेस्ट में भी तीन दिन में मेहमान टीम को धराशाई कर दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 311 रनों पर ऑलआउट हो गई.

 

जवाब में टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 367 रन ही बना पाई. पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 56 रनों की बढ़त हासिल हुई है. इसके बाद दूसरी पारी में वेस्टइंडीज 127 रन पर ढेर हो गई और भारत को जीत के लिए 72 रनों का टारगेट मिला. चौथी पारी में टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट गंवाए इस आसान से लक्ष्य को हासिल करते हुए 75 रन बनाए और वेस्टइंडीज को मात दे दी.

दूसरी पारी में विंडीज का निकला दम

दूसरी पारी में वेस्टइंडीज 127 रन पर ढेर हो गई. वेस्टइंडीज को समेटने में उमेश यादव की अहम भूमिका रही. उमेश ने पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 4 विकेट लेकर मैच में अपने 10 विकेट पूरे कर लिए हैं.

वेस्टइंडीज के लिए दूसरी पारी में सुनील अंबरीश ने सबसे अधिक 38 रन बनाए वहीं, शाई होप ने 28 रन बनाए. इसके अलावा, टीम का कोई भी बल्लेबाज अहम योगदान नहीं दे सका.

दूसरी पारी में भारत के लिए उमेश ने सबसे अधिक चार विकेट लिए, वहीं जडेजा को तीन विकेट हासिल हुए. रविचंद्रन अश्विन को दो और कुलदीप यादव एक सफलता मिली.

दूसरी पारी में इंडीज ने 127 रन पर ऐसे टेके घुटने

वेस्टइंडीज के लिए दूसरी पारी बेहद खराब रही. पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही उमेश यादव ने मेहमान टीम को पहला झटका दिया. क्रैग ब्रैथवेट खाता खोले बिना ही उमेश की गेंद पर विकेट के पीछे खड़े पंत के हाथों लपके गए. इसके बाद, रविचंद्रन अश्विन ने कीरोन पॉवेल को भी खाता खोलने का मौका दिए बगैर रहाणे के हाथों कैच आउट करा पवेलियन भेजा.

शाई होप (28) ने इसके बाद शिमरोन हेटमेर (17) के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े और टीम को 45 के स्कोर तक पहुंचाया. इसी स्कोर पर वेस्टइंडीज ने शिमरोन के रूप में अपना तीसरा विकेट भी गिरा दिया. हेटमेर को कुलदीप यादव ने चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन की राह दिखाई.

रवींद्र जडेजा ने इसके बाद 45 के कुल स्कोर पर ही होप को भी पवेलियन भेज दिया. वह रहाणे के हाथों लपके गए. बैकफुट पर पहुंच चुकी वेस्टइंडीज की पारी को आगे बढ़ाने उतरे सुनील और रोस्टन चेस (6) ने 23 रन ही जोड़े थे कि उमेश ने चेस को बोल्ड कर मेहमान टीम का पांचवा विकेट भी गिरा दिया.