खेल डेस्क। भारत और वेस्टइंडीज के तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मैच आज कोलकाता के ईडन गार्डंस के मैदान पर खेला जाएगा। भारतीय टीम टेस्ट और वनडे शृंखला के बाद टी-20 सीरीज पर भी कब्जा करने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी। वहीं मेहमान टीम कम से कम टी-20 सीरीज तो अपने नाम करना चाहेगी।
इस शृंखला में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पास भी तीन विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। विराट कोहली के स्थान पर इस शृंखला में भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले रोहित शर्मा के पास तीन मैचों की इस टी-20 शृंखला के दौरान क्रिकेट के सबसे छोटे फॉमेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने, सर्वाधिक शतक और सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा।
हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई वनडे शृंखला के दौरान 200 छक्के पूरे करने वाले रोहित शर्मा अभी तक 84 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में की 77 पारियों में 89 छक्के लगा चुके हैं। इस मामले वेस्टइंडीज के बल्लेबाज क्रिस गेल और कीवी सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल का विश्व रिकॉर्ड तोडऩे के लिए उन्हें केवल 15 छक्कों की जरुरत है। इन दोनों खिलाडिय़ों के नाम टी-20 क्रिकेट में एक समान 103-103 छक्के दर्ज है।
टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले मेें रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के कोलिन मुनरो के बराबर है। इस दोनों बल्लेबाजों ने अब तक तीन-तीन शतक लगाए हैं। रोहित के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में मुनरो को पीछे छोडऩे का मौका होगा।
रोहित के पास इस शृंखला के दौरान ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व कीर्तिमान भी ध्वस्त करने का मौका होगा। इस समय टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल (2271) के नाम दर्ज है। जबकि रोहित शर्मा अभी तक 2086 रन बना चुके हैं। उन्हें गुप्टिल का रिकॉर्ड तोडऩे के लिए केवल 186 रन की आवश्यकता है।