Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारत ने अन्तिम वनडे में वेस्टइंडीज को नौ विकेट से रौंदा, सीरीज 3-1 से  की अपने नाम

खेल डेस्क। लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा (34 रन पर चार विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी के बाद सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (नाबाद 63) और कप्तान विराट कोहली (नाबाद 33) की पारियों के दम पर भारत ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को नौ विकेट से शिकस्त देकर पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज टीम भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने 31.5 ओवर में केवल 104 रन पर ढेर हो गई। इसके जवाब में भारत ने 14.5 ओवरों में 1 विकेट पर 105 रन बनाकर जीत हासिल की।

भारतीय टीम की ओर से फॉर्म में चल रहे रोहित शर्मा ने केवल 56 गेंदों पर ही 63 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी नाबाद पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए। जबकि सीरीज में तीन शतक लगा चुके कप्तान विराट कोहली ने 33 रन का योगदान दिया। शिखर धवन केवल छह रन ही बना सके। इस पारी में रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर के 200 छक्के पूरे किए।

इससे पहले वेस्टइंडीज को कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। उसकी ओर से सबसे बड़ा स्कोर उसके कप्तान जैसन होल्डर ने बनाया। उन्होंने अपनी टीम की ओर से सर्वाधिक 25 रन का योगदान दिया। जबकि मार्लन सैमुअल्स ने 24 रन बनाए।

भारत की ओर से ऑलराउंडर रवीन्द्र जडेजा ने 34 रन पर चार, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 11 रन पर दो, खलील अहमद ने 29 रन पर दो , भुवनेश्वर कुमार ने 11 रन पर एक और गेंदबाज कुलदीप यादव ने 18 रन पर एक विकेट अपने नाम किया।