Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

मिताली राज का आरोप- कोच रमेश पोवार ने मुझे अपमानित किया

नई दिल्ली        
अनुभवी बल्लेबाज मिताली राज को महिला टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मैच में शामिल न करने के विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है. मिताली ने कोच रमेश पोवार पर आरोप लगाया है कि उन्हें (मिताली को) नीचा दिखाने की कोशिश की गई है. मिताली ने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) को भेजे गए ई-मेल के जरिये अपना पक्ष रखा है. इंडिया टुडे के पास उस ई-मेल की कॉपी है.

मिताली ने कोच रमेश पोवार को निशाने पर लिया है. उन्होंने पोवार पर भेदभावपूर्ण नीति अख्तियार करने का आरोप लगाया. साथ ही अपमानित करने की भी बात कही है. मिताली ने डायना एडुलजी पर भी आरोप लगाए हैं. मिताली राज ने लिखा है, 'कोच ने मुझे कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के लिए मैदान पर भी मत आना. मैच के बाद कोच ने कहा- टीम से बाहर होकर और ड्रॉप होने के बाद कैसा महसूस हो रहा है.'

35 साल की मिताली ने बीसीसीआई को लिखा है कि प्रशासकों की समिति (सीओए) की सदस्य डायना एडुलजी ने अपने पद का दुरुपयोग किया है. मिताली ने कहा, 'डायना एडुल्जी ने मुझे बुलाया और मेरी पीठ में छुरा घोंपने वाला काम किया और मेरे साथ जो कुछ भी किया गया उसे उचित ठहराया.'

उन्होंने बीसीसीआई सीईओ राहुल जोहरी और क्रिकेट संचालन महाप्रबंधक सबा करीम को लिखे पत्र में कहा,‘ मेरे 20 बरस के लंबे करियर में पहली बार मैंने अपमानित महसूस किया. मुझे यह सोचने पर मजबूर होना पड़ा कि देश के लिए मेरी सेवाओं की अहमियत सत्ता में मौजूद कुछ लोगों के लिए है भी या नहीं या वे मेरा आत्मविश्वास खत्म करना चाहते हैं .’

उन्होंने कहा,‘मैं टी-20 कप्तान हरमनप्रीत के खिलाफ कुछ नहीं कहना चाहती, लेकिन मुझे बाहर रखने के कोच के फैसले पर उसके समर्थन से मुझे दुख हुआ.’ मिताली ने कहा ,‘मैं देश के लिए विश्व कप जीतना चाहती थी. मुझे दुख है कि हमने सुनहरा मौका गंवा दिया.’

मिताली ने कहा ,‘मैंने हमेशा डायना एडुल्जी पर भरोसा जताया ओर उनका सम्मान किया. मैंने कभी यह नहीं सोचा कि वह मेरे खिलाफ अपने पद का दुरुपयोग करेंगी. खासकर तब, जबकि वेस्टइंडीज में जो कुछ मेरे साथ हुआ, मैं उन्हें बता चुकी थी.’ उन्होंने कहा,‘मुझे सेमीफाइनल से बाहर रखने के फैसले को उनके समर्थन से मैं काफी दुखी हूं क्योंकि उन्हें तो असलियत पता थी.’

पोवार के बारे में उन्होंने कहा कि ऐसी कई घटनाएं हुईं, जब अपमानित महसूस किया. मिताली ने कहा,‘यदि मैं कहीं आसपास बैठी हूं, तो वह निकल जाते थे या दूसरों को नेट पर बल्लेबाजी करते समय देखते थे, लेकिन मैं बल्लेबाजी कर रही हूं तो नहीं रुकते थे. मैं उनसे बात करने जाती, तो फोन देखने लगते या चले जाते.’ मिताली ने कहा,‘यह काफी अपमानजनक था और सभी को दिख रहा था कि मुझे अपमानित किया जा रहा है, इसके बावजूद मैंने अपना आपा नहीं खोया ,’

गौरतलब है कि भारतीय महिला टी-20 कप्तान हरमनप्रीत कौर और वनडे कप्तान मिताली राज बीसीसीआई अधिकारियों से मिली चुकी हैैं. मिताली को टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल में फिट होने के बावजूद अंतिम-11 से बाहर बैठा दिया गया था. सेमीफाइनल में भारत की आठ विकेट से करारी मिलने के बाद भी हरमनप्रीत कौर इस फैसले को ठीक ठहराती दिखीं. इस विवाद पर दोनों वरिष्ठ खिलाड़ी और मैनेजर तृप्ति भट्टाचार्य पिछले दिनों बीसीसीआई सीईओ राहुल जोहरी और जीएम सबा करीम से मिलीं.