गुवाहाटी, 23 दिसम्बर: असम ने शानदार गेंदबाजी के दम पर यहां खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-सी मैच के दूसरे दिन रविवार को गोवा को उसकी पहली पारी में 193 रन पर आलआउट कर दिया। गोवा के लिए स्नेहल सुहास कौथांकर ने 69 और सुमिरन अमोंकर ने 35 रन बनाए। असम की ओर से अरुप दास और मुख्तार हुसैन ने तीन-तीन जबकि रंजीत माली और पल्लवकुमार दास ने दो-दो विकेट लिए।
असम ने इसके जवाब में अपनी दूसरी पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 119 रन बना लिए हैं और उसे अब तक 101 रन की बढ़त हासिल हो चुकी है। असम ने पहली पारी में 175 रन बनाए थे। ऋषव दास 51 और कप्तान अमित सिन्हा नौ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। गोवा के लिए कृष्णा दास ने अब तक सभी चारों विकेट लिए हैं।
इसी ग्रुप के दूसरे मैच में सर्विस ने मेजबान झारखंड के खिलाफ रांची में खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी में 267 रन का स्कोर बना लिया। सर्विस के लिए रजत पालीवाल ने 79, रवि चौहान ने 67 और अरुण बामल ने 46 रन बनाए।
मेजबान झारखंड की ओर से अंकुल रॉय ने चार और शाहबाज नदीम ने तीन विकेट चटकाए।
झारखंड ने इसके जवाब में अपनी दूसरी पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 49 रन बना लिए हैं और वह अभी सर्विस के स्कोर से 25 रन पीछे है। झारखंड ने अपनी पहली पारी में 193 रन बनाए थे।
तीसरे मैच में मेजबान राजस्थान ने हरियाणा के खिलाफ दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 443 रन का मजबूत स्कोर बना लिया। राजस्थान की ओर से कप्तान महिपाल लोमरोर ने 106, चेतन बिष्ट ने 61, अशोक मनेरिया ने 47 और राजेश बिश्नोई ने 44 रन बनाए।
स्टंप्स के समय रोबिन बिष्ट 121 और सलमान खान 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। हरियाणा ने पहली पारी में 118 रन बनाए थे और इस लिहाज से राजस्थान को अब तक 325 रन की बढ़त हो चुकी है।
चौथे मैच में मेजबान उत्तर प्रदेश ने त्रिपुरा के खिलाफ लखनऊ में खेले जा रहे इस मैच के दूसरे दिन प्रियम गर्ग (202) के दोहरे शतक की मदद से सात विकेट पर 552 रन का विशाल स्कोर बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी।
गर्ग के अलावा कप्तान अक्षदीप नाथ ने 106 और रिंकू सिंह ने 149 रन बनाए।
त्रिपुरा की तरफ से सौरभ दास ने चार और राणा दत्त ने दो विकेट लिए।
त्रिपुरा ने इसके जवाब में अपनी पहली पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक 33 रन के अंदर ही अपने चार विकेट गंवा दिए हैं। त्रिपुरा अभी यूपी के स्कोर से 519 रन पीछे है जबकि उसके छह विकेट ही शेष हैं।
The post रणजी ट्रॉफी : असम को 101 रन की बढ़त appeared first on SportzWiki Hindi.