खेल डेस्क। भारतीय सलामी बल्लेबाजी जोड़ी केएल राहुल और मुरली विजय को लम्बे समय से किए गए खराब प्रदर्शन के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच से बाहर बैठना पड़ा है।
इन दोनों बल्लेबाजों के स्थान पर भारतीय टीम प्रबंधन ने सलामी जोड़ी के रूप में युवा बल्लेबाजों हनुमा विहारी और मयंक अग्रवाल को मौका दिया है। मयंक अग्रवाल ने मौके का फायदा उठाते हुए 76 रन की अर्धशतकीय पारी खेली है।
वैसे अभी तक केएल राहुल और मुरली विजय के खराब प्रदर्शन का खामियाजा विदेशी दौरों पर भारतीय टीम को भुगतना पड़ा है। इसी कारण भारतीय टीम यहां पर आशा के अनुरूप सफलता हासिल करने में असफल रही है।
क्रिक्रेट विशेषज्ञ भी यहीं मानते हैं कि क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में विदेशी मैदानों पर भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन का सबसे बड़ा कारण एक इस साल सलामी बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन रहा है।
आंकड़ों के अनुसार इस दौरान केएल राहुल और मुरली विजय की सलामी जोड़ी सबसे खराब साबित हुई है। राहुल-विजय की जोड़ी ने इस दौरान 26 पारियों में केवल 20.88 की औसत से 534 रन बनाए हैं। इस मामले में दूसरे स्थान की जोड़ी की बात की जाए तो यह वेस्टइंडीज के कार्लोस ब्रेथवेट और कीरोन पावेल की जोड़ी है। वेस्टइंडीज की इस जोड़ी ने 32 टेस्ट में 22.25 की औसत से 712 रन बनाए हैं।
वर्तमान ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज की बात की जाए तो केएल राहुल और मुरली विजय इस सीरीज के दो मैचों में भी बुरी तरह नाकाम रहे हैं। इन दो टेस्टों ये दोनों सलामी बल्लेबाज केवल 97 रन बना सके। लोकेश राहुल ने चार पारियों में 2, 44, 2 और 0 रन बनाए, जबकि मुरली विजय ने 11, 18, 0 और 20 रन का योगदान ही दे सके हैं।