बता दें कि अभी कुछ ही दिन पहले पर्थ में हुए दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन के साथ मैदान पर विराट कोहली की तीखी बहस हुई थी। तब मिशेल जॉनसन सहित कई अन्य खिलाड़ियों ने कोहली के इस बर्ताव को लेकर आलोचना की थी।लेकिन आईपीएल मैचों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम की ओर से ड्रेसिंग रूम साझा करने वाले ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। सर्वाधिक तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने कहा है कि कोहली एक बेहतरीन कप्तान हैं।
मिशेल स्टार्क ने मीडियाकर्मियों से रूबरू होते हुए कहा कि विराट कोहली के साथ मैंने कुछ आईपीएल टूर्नामेंट खेले हैं, वास्तव में कोहली एक बेहतरीन कप्तान हैं। वह एक शानदार खिलाड़ी हैं।जानकारी के लिए बता दें कि मिशेल स्टार्क को साल 2014 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने खरीदा था। इस दौरान वह अपनी टीम के मुख्य गेंदबाज बनकर उभरे थे। पिछले वर्ष फरवरी में उन्होंने आरसीबी से रिश्ता तोड़ लिया था। इस बार आईपीएल-12 के लिए मिशेल को कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा है।
भारतीय कोच रवि शास्त्री ने रविवार को कहा था कि विराट कोहली एक सज्जन व्यक्ति हैं। जबकि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने भी कहा कि विराट कोहली भारतीय से ज्यादा ऑस्ट्रेलियाई हैं।
ऑस्ट्रेलिया कप्तान टिम पेन का कहना है कि विराट कोहली कभी हारना पसंद नहीं करते हैं। कोहली के साथ मेरी भिड़ंत को बेवजह तूल दिया गया। उन्होंने कहा कि वह टेस्ट सीरीज में अपने भारतीय समक्ष विराट कोहली के साथ टक्कर का लुत्फ उठा रहे हैं।
Herald