खेल डेस्क। तेज गेंदबाजों ट्रेंट बोल्ट (21 रन पर पांच विकेट) और कोलिन डि ग्रैंडहोम (26 रन पर तीन विकेट)की तूफानी गेंदबाजी के सामने भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में गुरुवार को आठ विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है।
इसके साथ ही कीवी टीम ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में जीत का खाता भी खोल लिया है। बोल्ट और ऑलराउंडर ग्रैंडहोम की कातिलाना गेंदबाजी के सामने भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 30.5 ओवर में केवल 92 रन पर ही ढेर हो गई।
इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने केवल 14.4 ओवर में ही दो विकेट पर 93 रन बनाकर शृंखला में जीत का स्वाद चखा। भारतीय टीम को ये हार विराट कोहली की अनुपस्थिति में मिली है। इस मैच में रोहित शर्मा ने कप्तानी की। यह उनके करियर का 200वां वनडे मैच था।
न्यूजीलैंड की ओर से पूर्व कप्तान रॉस टेलर ने सबसे ज्यादा 25 गेंदों नाबाद 37 रन बनाए। इसमें उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं हेनरी निकोलस ने नाबाद 30 रन बनाए। वहीं सलामी बल्लेबाज गुप्टिल ने 15 और कप्तान केन विलियम्स ने 11 रन बनाए। भारत की ओर से ये दोनों विकेट भुवनेश्वर ने लिए।
इससे पहले भारतीय टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। उसकी ओर से सबसे ज्यादा 18 रन दसवें नम्बर के बल्लेबाज यजुवेन्द्र चहल ने बनाए। जबकि हार्दिक पांड्या ने 16, कुलदीप यादव ने 15 और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने 13 रन का योगदान दिया। बोल्ट को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। गौरतलब है कि भारतीय टीम ने पहले ही शुरुआती तीनों मैचों में जीत हासिल कर शृंखला पर कब्जा कर लिया था।