Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अब शिखर धवन ने की दुनिया के इस महान बल्लेबाज की बराबरी, हासिल किया ये बड़ा मुकाम

खेल डेस्क। बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज शिखर धवन ने वनडे क्रिकेट में 5000 रन पूरे कर लिए हैं। धवन ये उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के 13वें बल्लेबाज बन गए हैं। भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने इसके साथ ही सबसे तेज पांच हजार रन पूरे करने के मामले में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा की बराबरी कर ली है। 33 साल के शिखर ने अपने 119वें मैच की 118वीं पारी में पांच हजार रन पूरे करने की उपलब्धि अपने नाम की।

न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर वनडे में 10वां रन बनाते ही धवन ने यह उपलब्धि अपने नाम कर ली। इसके साथ ही वह सबसे तेज पांच हजार रन पूरे करने में संयुक्त रूप से तीसरे बल्लेबाज बन गए। वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज ब्रायन लारा ने अपने वनडे 5000 रन 118 पारियों में बनाए थे।

एक दिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज पांच हजार रन बनाने का कीर्तिमान दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला के नाम है। दक्षिण अफ्रीका के इस दिग्गज बल्लेबाज ने केवल 101 पारियों में अपने वनडे करियर के पांच हजार रन पूरे किए थे। वहीं वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचड्र्स और भारतीय कप्तान विराट कोहली ने एक समान 114 पारियों में पांच हजार रन पूरे किए थे।

भारत की ओर से शिखर धवन से पहले सचिन तेंदुलकर, सौरभ गांगुली, राहुल द्रविड़, विराट कोहली, एमएस धोनी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, युवराज सिंह, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा, सुरेश रैना, अजय जडेजा और गौतम गंभीर ने अपने वनडे करियर में पांच हजार से अधिक रन बनाए हैं।शिखर धवन के अब एकदिवसीय क्रिकेट में 5065 रन हो गए हैं। अपने वनडे करियर में उन्होंने 15 शतक लगाए हैं।