खेल डेस्क। दक्षिण अफ्रीका में हुए बॉल टैंपरिंग विवाद के कारण एक साल का प्रतिबंध झेल रहे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ और बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर पाकिस्तान के खिलाफ यूएई में होने वाले पांच मैचों की वनडे शृंखला से अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के इन दोनों दिग्गज क्रिकेटरों पर लगा एक साल का प्रतिबंध 28 मार्च को समाप्त होने जा रहा है। प्रतिबंध समाप्त होने के साथ ही ये दोनों बल्लेबाज अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि ये दोनों बल्लेबाज पाकिस्तान के खिलाफ यूएई में होने वाले पांच मैचों की वनडे शृंखला के आखिरी दो मैचों के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी करेंगे।
इससे पहले सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर नहीं हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की तैयारी में जुटा ये दिग्गज बल्लेबाज बांग्लादेश प्रीमियर लीग के दौरान घायल हो गया है। इस कारण डेविड वार्नर बीच में ही बांग्लादेश प्रीमियर लीग छोडक़र स्वदेश लौटेंगे। इससे पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्मिथ भी चोट के कारण बीपीएल छोडक़र स्वदेश लौट चुके हैं।
वार्नर की चोट के संबंध में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी दी है। उसके अनुसार अभी तक वार्नर की चोट की गंभीरता पता नहीं चल सका है। वार्नर स्वदेश रवानगी से पहले तक सिलहट सिक्सर्स की ओर से 18वां और 19वां मैच भी खेलेंगे।
स्मिथ की दाहिनी कोहनी में चोट लगी थी जिन्हें आपरेशन कराना पड़ा और अब वह छह सप्ताह तक नहीं खेल सकेंगे । वार्नर अगले सोमवार को लौटेंगे । स्मिथ और वार्नर पर लगा प्रतिबंध 28 मार्च को खत्म होगा और वे पाकिस्तान के खिलाफ यूएई में होने वाले पांच मैचों की वनडे श्रृंखला के आखिरी दो मैचों में वापसी कर सकते हैं ।