Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ऑस्ट्रेलियन ओपन: राफेल नडाल को हराकर नोवाक जोकोविच ने रेकॉर्ड सातवीं बार जीता खिताब

मेलबर्न 
वर्ल्ड नम्बर-1 टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक ने रविवार को साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब रेकॉर्ड सातवीं बार अपने नाम किया। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में सर्बिया के जोकोविक ने वर्ल्ड नम्बर-2 राफेल नडाल को मात दी। जोकोविक ने दो घंटे और चार मिनट तक चले खिताबी मुकाबले में स्पेनिश दिग्गज खिलाड़ी नडाल को सीधे सेटों में 6-3, 6-2, 6-3 से हराकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। सर्बिया के खिलाड़ी ने इस जीत से ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी रॉय एमर्सन और स्विट्जरलैंड के दिग्गज रोजर फेडरर के छह बार इस खिताब को जीतने का रेकॉर्ड तोड़ दिया। 

जोकोविक ने 2008 के बाद 2011, 2012, 2013 में लगातार तीन बार ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतने की हैट्रिक लगाई थी। इसके बाद, उन्होंने 2015, 2016 में इस ग्रैंड स्लैम को अपने नाम किया था। 2017 चोटों से बाधित रहने के बाद जोकोविक ने पिछले साल टेनिस कोर्ट पर शानदार वापसी की। इस बेहतरीन फॉर्म को इस साल बनाए रखते हुए जोकोविक ने सातवीं बार रेकॉर्ड बनाते हुए ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता। यह उनके करियर का 15वां ग्रैंड स्लैम है, वहीं नडाल ने केवल 2009 में एक बार इस खिताब को जीता है। 

जोकोविक और नडाल का सामना 16 बार हुआ है, जिसमें से 13 मुकाबलों में जोकोविक ने जीत हासिल की है। जोकोविक से मिली हार और दूसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतने से चूके नडाल ने मैच के बाद अपने बयान में कहा, 'मैं केवल एक बात कहना चाहता हूं कि मैं अपने संघर्ष को जारी रखूंगा। बेहतर खिलाड़ी बनने की कोशिश करूंगा। मेरा मानना है कि इन दो सप्ताहों में मैंने शानदार टेनिस खेला है। मैं अपनी टीम का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।' कोहनी की सर्जरी से उबरने के संघर्ष को याद करते हुए जोकोविक ने कहा, 'करीब 12 माह पहले मेरी सर्जरी हुई थी। ऐसे में आज आपके सामने इस खिताब के साथ खड़े होना मेरे लिए शानदार अनुभव है। मेरे समर्थन के लिए मैं अपनी टीम का शुक्रगुजार हूं, जो मेरे बुरे दिनों में मेरे साथ खड़ी रही।'