Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पहले टी-20 में न्यूजीलैंड ने भारत को 23 रन से हराया

खेल डेस्क। भारतीय महिला टीम को तीन मैचों की टी-20 सीरीज के वेलिंगटन में बुधवार को खेल गए पहले मैच में न्यूजीलैंड से 23 रन से हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम ने सोफी डिवाइन (62) की अर्धशतकीय पारी की सहायता से निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 159 रन बनाए।

इसके जवाब में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की तूफानी अर्धशतकीय पारी के बावजूद भारतीय टीम 19.1 ओवर में 136 रन ही बना सकी। स्मृति मंधाना ने केवल 34 गेंदों पर ही 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इस पारी में उन्होंने सात चौके और तीन छक्के लगाए।

मंधाना ने दूसरे विकेट के लिए जेमिमा रौद्रिगेज के साथ 98 रन की साझेदारी कर भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचाया। इस साझेदारी के टूटने के साथ ही भारतीय पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। जेमिमा रौद्रिगेज ने 33 गेंदों पर 39 रन बनाई।

अपनी इस पारी में उन्होंने छह चौके लगाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 17 रन का योगदान दिया। इन तीनों बल्लेबाजों के अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। न्यूजीलैंड की ओर से ले तहुहु ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए। वहीं अर्धशतकीय पारी खेलने वाली सोफी डिवाइन ने भी एक विकेट लिया।

इससे पहले न्यूजीलैंड की ओर से सोफी डिवाइन की अर्धशतकीय पारी के साथ कप्तान एमी सटरथवेट ने भी 33 रन का योगदान दिया। केजे मार्टिन ने 14 गेंदों पर 27 रन बनाए। डिवाइन ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 48 गेंदों का सामना किया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।