Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

600 मिनट से सुनील छेत्री ने नहीं किया है गोल

बेंगलुरू
हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में बुधवार को श्री कांतिरवा स्टेडियम में केरल ब्लास्टर्स का सामना मेजबान बेंगलुरू एफसी से होगा। दोनों टीमों के बीच की प्रतिस्पर्धा काफी रोचक रही है, लेकिन इस सीजन में केरल के दिन खराब चल रहे हैं और ऐसे में वह बेंगलुरू को उसके ही घर में हराने के लिए प्रेरणा की तलाश में है। मौजूदा सीजन में बेंगलुरू ने 13 मैचों से 30 अंक लेकर प्लेआॅफ में जगह बना ली है। बेंगलुरू को हालांंकि इस बात की चिंता सता रही होगी कि उसके कप्तान सुनील छेत्री लम्बे समय से गोल नहीं कर सके हैं। 600 से अधिक मिनट मैदान पर बिताने के बाद भी छेत्री विपक्षी टीम का गोल भेद नहीं सके हैं।

बेंगलुरू के कोच चार्ल्स कुआडार्ट ने कहा कि हम टॉप पर इसलिए हैं क्योंकि हमने इसके लिए काफी मेहनत की है। हमने जोखिम लिए हैं, लेकिन हम हम जानते थे कि हम रिस्क ले रहे हैं। इसका नतीजा यह हुआ कि आज हम तालिका में टॉप पर हैं। बेंगलुरू की टीम मीकू की वापसी से मजबूत हुई है और साथ ही साथ नए खिलाड़ी विंगर-मिडफील्डर लुइसमा विला भी उसे मजबूती प्रदान करेंगे। कुआडार्ट रीनो एंटो की जगह फुल बैक पोजीशन पर हर्मनजोत खाबरा को उतारना चाहेंगे क्योंकि एंटो नार्थईस्ट के खिलाफ खराब खेले थे। दूसरी ओर, सीजन के पहले मैच में एटीके को हराने वाली केरल की टीम के लिए आगे का सफर काफी खराब रहा है। दो बार फाइनल खेल चुकी यह टीम अब प्लेआॅफ की दौड़ से बाहर है। केरल की टीम के 14 मैचों से 10 अंक हैं। शीतकालीन ब्रेक से पहले उसके कोच डेविड जेम्स भी उसे छोड़ गए थे। अब नीलो विंगाडा उनके स्थान पर आए हैं और दो मैचों में टीम को जीत नहीं दिला सके हैं। उनकी देखरेख में केरल को एक मैच में हार मिली है और एक मैच ड्रॉ रहा है। केरल की टीम इस सीजन में मौकों को नहीं भुना पाई है। इस सीजन में उसे 139 मौके मिले लेकिन वह सिर्फ 13 को गोल में बदल सकी है। इस टीम ने डिफेंस में भी काफी खराब प्रदर्शन किया है। इस टीम के डिफेंडरों ने कुल 23 गोल खाए हैं। अब जब उसके सामने बेंगलुरू जैसी मजबूत टीम है और वह भी अपने घर में खेल रही होगी तो उसे हराने के लिए केरल के खिलाड़ियों को एक इकाई में खेलते हुए अपना बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।