खेल डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण के अपने पहले मैच में मुम्बई इंडियंस आज दिल्ली कैपिटल का सामना करेगी। अपने पहले मैच के शुरू होने से पहले ही मुम्बई इंडियंस को दो बड़े झटके लग गए हैं।
चेन्नई ने जीता आईपीएल-12 का पहला मैच, सुरेश रैना ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
विश्व कप के लिए अपनी राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की कोशिशों के चलते श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसित मलिंगा आईपीएल-12 में मुंबई इंडियंस के पहले छह मैचों से बाहर हो गए हैं। वहीं वहीं न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने तो एड़ी में सूजन के कारण पूरे टूर्नामेंट से ही बाहर हो गए हैं।
श्रीलंका चयनकर्ताओं ने अपने खिलाडिय़ों को इंग्लैंड में इस साल होने वाले आईसीसी विश्व कप के लिए टीम में विचार किए जाने के लिए उन्हें आगामी सुपर प्रोविंशियल वनडे घरेलू टूर्नामेंट में भाग लेने को कहा है। इस कारण मलिंगा आईपीएल-12 के लगभग एक-तिहाई हिस्से से बाहर रहेंगे।
इसे देखते हुए मलिंगा ने आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस को पूरे टूर्नामेंट के लिए उनकी जगह कोई दूसरा खिलाड़ी रखने तक का सुझाव दिया है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई ने मलिंगा को नीलामी में दो करोड़ रुपए में खरीदा था।
मलिंगा आईपीएल में 154 शिकार के साथ टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वहीं कीवी गेंदबाज मिल्ने को एड़ी की परेशानी के कारण इस टूर्नामेंट से हटना पड़ा है। तीन बार की आईपीएल चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने मिल्ने को 75 लाख रुपए में खरीदा था। अब मुंबई इंडियंस मिल्ने के स्थान पर वेस्ट इंडीज के तेज गेंदबाज अलजारी जोसफ को अनुबंधित कर सकती है।