नई दिल्ली, 18 मार्च: आगामी विश्व कप में पाकिस्तान को बायकॉट करने की मांग को लेकर अपनी राय जाहिर करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गम्भीर ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान पर सशर्त प्रतिबंध से काम नहीं चलेगा, उसका तो पूर्ण बहिष्कार सबसे कारगर कदम होगा। अपनी बेबाकी के लिए मशहूर गम्भीर ने यह भी कहा कि अगर 30 मई को शुरू हो रहे टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होता है तो भारत को उस मैच का बहिष्कार कर देना चाहिए।
गम्भीर ने एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, “पुलवामा में जो हुआ, वह कतई स्वीकार्य नहीं है। ऐसे में हम पाकिस्तान के साथ सशर्त नहीं खेल सकते। इस सम्बंध में बीसीसीआई को फैसला लेना है लेकिन मैं मानता हूं कि हमारे इस पड़ोसी के खिलाफ कोई भी सशर्त कदम जायज नहीं होगा। इसका तो पूर्ण बहिष्कार करना होगा।”
गम्भीर ने कहा, “मुझे यकीन है कि विश्व कप में पाकिस्तान का बहिष्कार कठिन नहीं होगा। हमें तो पाकिस्तान की मौजूदगी में एशिया कप में भी नहीं खेलना चाहिए। मैं तो इसके खिलाफ हूं।”
गम्भीर मानते हैं कि किसी भी मैच से अधिक हमारे जवानों की जान की कीमत है। बकौल गम्भीर, “अपने जवानों की खातिर हमें पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना चाहिए। हमारे 40-41 जवानों की जान किसी भी मैच से अधिक अहम है। मैं मानता हूं कि अगर बीसीसीआई पाकिस्तान के साथ होने वाले मैच का बहिष्कार करता है तो पूरे देश को को इस फैसले का सम्मान करना चाहिए। अगर हम फाइनल में भी पहुंच गए तो भी हमें पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना चाहिए।”
The post पाकिस्तान का पूर्ण बहिष्कार ही सबसे कारगर कदम : गौतम गम्भीर appeared first on Sportzwiki.